जमशेदपुर: आमतौर पर लोग पुरस्कार जीतने के लिए प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं, लेकिन जमशेदपुर के मानगो में लोगों को मॉर्निंग वॉक और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने की अनूठी पहल शुरू की गई है। यहां नियमित मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को पुरस्कार जीतने और सम्मानित होने का मौका मिल रहा है।स्वास्थ्य जागरूकता को जनभागीदारी, प्रोत्साहन और सम्मान से जोड़ने वाली इस पहल ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया है।
जीवन ज्योति और रोटी बैंक की पहल
रोटी बैंक के सहयोग से सामाजिक संस्था जीवन ज्योति द्वारा संचालित ‘मॉर्निंग वॉकर्स सम्मान योजना’ के तहत शनिवार को मानगो-डिमना रोड स्थित ओपन जिम पार्क में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मॉर्निंग वॉकर्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कूपन ड्रा और हेल्थ क्विज में लोगों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान कूपन ड्रा, हेल्थ क्विज और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।कूपन ड्रा में कांति सिंह विजेता रहीं। वहीं हेल्थ क्विज प्रतियोगिता में विजय कुमार सिंह, आशा देवी, पूनम कुमारी और संजीव कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
हर बुधवार बांटे जाते हैं मुफ्त कूपन
रोटी बैंक के चेयरमैन मनोज मिश्रा ने बताया कि ‘मॉर्निंग वॉकर्स सम्मान योजना’ के तहत प्रत्येक बुधवार सुबह 7:00 बजे से 7:30 बजे तक मानगो के डिमना रोड स्थित ओपन जिम पार्क में मॉर्निंग वॉकर्स के बीच नि:शुल्क कूपन वितरित किए जाते हैं।इन कूपनों के आधार पर प्रत्येक शुक्रवार सुबह 7:00 बजे पारदर्शी तरीके से कूपन ड्रा निकाला जाता है और विजेता का चयन किया जाता है।
पुरस्कार नहीं, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना उद्देश्य
मनोज मिश्रा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पुरस्कार बांटना नहीं है। इसका मुख्य लक्ष्य लोगों को नियमित मॉर्निंग वॉक, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता और सम्मान को एक साथ जोड़ने वाली यह पहल जमशेदपुर से संचालित अपनी तरह की अनूठी पहल है।
मॉर्निंग वॉकर्स में दिखा उत्साह
कार्यक्रम में महिला और पुरुष मॉर्निंग वॉकर्स की बड़ी भागीदारी रही। आयोजकों के अनुसार, पुरस्कार और सम्मान के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से पार्क में आने और शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
