जमशेदपुर: 37 झारखंड बटालियन एनसीसी कैडेट्स चलाएंगे ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान; सोनारी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, डॉ. डुमरेंद्र राजन बने नोडल ऑफिसर

जमशेदपुर :केंद्र सरकार के निर्देशित पत्रांक के आलोक में सोनारी स्थित 37 झारखंड बटालियन एनसीसी आर्मी कैंप में एक दिवसीय टीबी (तपेदिक) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कर्नल विनय आहूजा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जोगेश्वर प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कैडेट्स बनेंगे जन-जागरूकता के वाहक: कर्नल विनय आहूजा

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए 37 झारखंड बटालियन एनसीसी के कर्नल विनय आहूजा ने जिला यक्ष्मा पदाधिकारी एवं यक्ष्मा विभाग की पूरी टीम का स्वागत किया।कर्नल विनय आहूजा ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रतीक हैं। कैडेट्स अपनी ऊर्जा और जन-संपर्क के माध्यम से केंद्र सरकार के ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सबसे प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।”

एनटीईपी, निक्षय मित्र और टीबी के लक्षणों पर दी गई विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कैडेट्स को टीबी से जुड़ी तकनीकी और कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जोगेश्वर प्रसाद ने ‘राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम’ के अंतर्गत टीबी के शुरुआती लक्षणों, मुफ्त जांच व्यवस्था (सप्यूटम टेस्ट) और पूर्ण उपचार की प्रक्रिया बताई। जिला टीबी-एचआईवी को-ऑर्डिनेटर मोहम्मद फखरे आलम ने पूर्वी सिंहभूम जिले में टीबी की वर्तमान स्थिति और मरीजों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।जिला पीपीएम को-ऑर्डिनेटर अमृतांशु साहू ने उपस्थित कैडेट्स को मरीजों की मदद और पोषण सहायता के लिए ‘निक्षय मित्र’ के रूप में पंजीकृत कराया।

डॉ. डुमरेंद्र राजन बने पूर्वी सिंहभूम एनसीसी के नोडल ऑफिसर

टीबी उन्मूलन अभियान को एनसीसी के माध्यम से जिलेभर में गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्ति भी की गई। डॉ. डुमरेंद्र राजन (एनसीसी ऑफिसर) को पूर्वी सिंहभूम जिले में एनसीसी की ओर से टीबी जागरूकता और उससे संबंधित सभी गतिविधियों के संचालन के लिए नोडल ऑफिसर नामित किया गया है।कार्यक्रम में जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज और करीम सिटी कॉलेज के सैकड़ों एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कर्नल प्रेम चंद झा, मेजर सूबेदार रविन खंडाल, हवलदार संदीप सिंह, एसटीएलएस उदय शंकर एवं डीपीसी राजीव कुमार सहित एनसीसी और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

More From Author

जमशेदपुर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, शहीद निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि; बोले- उनके सपनों का झारखंड बनाएंगे