आदित्यपुर में 20 दिनों से ठप सफाई व्यवस्था पर पार्षद का फूटा गुस्सा,वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने निगम कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में करीब 20 दिनों से ठप पड़े डोर-टू-डोर कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था को लेकर अब पार्षदों का भी आक्रोश सामने आने लगा है। गुरुवार को वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया।निगम कार्यालय पहुंचीं पार्षद ने कचरा उठाव में लगे वाहनों को रोक दिया और सफाई व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के चुनिंदा वार्डों में ही कचरा उठाव कराया जा रहा है, जबकि अधिकांश इलाकों के लोग गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं।

चुनिंदा वार्डों में कचरा उठाव का आरोप

नीतू शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था समान रूप से संचालित नहीं हो रही है। कुछ वार्डों में कचरा उठाव कराया जा रहा है, जबकि अन्य वार्डों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।उन्होंने कहा कि जनता टैक्स इसलिए देती है कि उसे बेहतर सफाई, पानी, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। लेकिन यदि टैक्स देने के बावजूद लोगों को गंदगी में रहना पड़े तो नगर निगम को इसका जवाब देना होगा।

मेयर और डिप्टी मेयर पर भी साधा निशाना

पार्षद ने आरोप लगाया कि मेयर और डिप्टी मेयर जनता की समस्याएं सुनने को तैयार नहीं हैं, जबकि निगम के अधिकारी भी कार्यालय से बाहर निकलकर जमीनी स्थिति देखने से बच रहे हैं।उन्होंने रात में कराए जा रहे सफाई अभियान को भी महज दिखावा बताया। नीतू शर्मा ने कहा कि जनता ने उन्हें जिस काम के लिए चुना है, सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण अब उन्हें अपनी ही जनता के सामने जाने में असहजता महसूस हो रही है।

पांच महीने बाद भी सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव कागजों तक

पार्षद के मुताबिक नगर निगम का नया बोर्ड बने करीब पांच महीने हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रत्येक बोर्ड बैठक में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव आता है, लेकिन बाद में मामला कागजों तक ही सीमित रह जाता है।उन्होंने कहा कि इसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

घेराव की चेतावनी के बाद कुछ वाहनों को भेजने का दावा

नीतू शर्मा ने बताया कि बुधवार को उन्होंने नगर निगम कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी थी। इसके बाद कुछ कचरा वाहनों को वार्डों में भेजा जाने लगा।उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।”एक आंख में काजल और दूसरी आंख में सूरमा नहीं चलेगा।”पार्षद ने कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से सफाई व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

टैक्स के पैसे के इस्तेमाल पर उठाए सवाल

नीतू शर्मा ने कहा कि उनके वार्ड की जनता जिस टैक्स का भुगतान करती है, यदि उसी राशि का समुचित इस्तेमाल सफाई और रखरखाव में नहीं हो रहा है तो निगम को जवाब देना होगा।उन्होंने कहा कि यदि वार्ड की जनता को उसके टैक्स का हिस्सा उपलब्ध कराया जाए तो वे अपने स्तर पर सफाई, चापाकल और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान कराने को तैयार हैं।

मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल

पार्षद ने नगर निगम की मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि निगम किसी चीज की मरम्मत कराकर जाता है और अगले ही दिन वह दोबारा खराब हो जाती है।उन्होंने कहा कि ऐसे में मामला सिर्फ कचरा उठाव तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर निगम की पूरी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सभी वार्डों में सफाई बहाल होने तक जारी रहेगा विरोध

नीतू शर्मा ने साफ कर दिया कि जब तक आदित्यपुर नगर निगम के सभी वार्डों में नियमित और समान रूप से कचरा उठाव एवं सफाई व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।उन्होंने निगम प्रशासन से तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने और सभी वार्डों में बिना भेदभाव के सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

More From Author

मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में झारखंड के छात्रों के लिए सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दिया सकारात्मक आश्वासन

जमशेदपुर में 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कदमा के भाटिया बस्ती में घटना