जमशेदपुर। टाटा स्टील ने जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में अपनी इक्विटी हिस्सेदारी चर्चिल ब्रदर्स फुटबॉल क्लब को हस्तांतरित करने पर सहमति जताई है। यह हस्तांतरण टोकन राशि के एवज में किया जाएगा। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के नियमों के तहत होने वाले इस समझौते में जमशेदपुर एफसी का इंडियन सुपर लीग स्पोर्टिंग लाइसेंस भी शामिल है।टाटा स्टील और चर्चिल ब्रदर्स फुटबॉल क्लब के बीच इस संबंध में शुक्रवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

सितंबर से खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के अनुबंध संभालेगा चर्चिल ब्रदर्स
समझौते के तहत सितंबर 2026 से चर्चिल ब्रदर्स, जमशेदपुर एफसी के 12 खिलाड़ियों और दो कोचों सहित सभी खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ के अनुबंध अपने अधीन लेगा।इससे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को आईएसएल में अपने पेशेवर फुटबॉल करियर को जारी रखने का अवसर मिलेगा। समझौते का उद्देश्य क्लब से जुड़े खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के भविष्य को सुरक्षित रखते हुए संक्रमण प्रक्रिया को सुचारू बनाना है।
करीब चार दशक पुराना है चर्चिल ब्रदर्स
गोवा का चर्चिल ब्रदर्स फुटबॉल क्लब भारतीय फुटबॉल में करीब चार दशक पुराना क्लब है। क्लब ने दो बार आई-लीग का खिताब जीता है और घरेलू फुटबॉल में उसका मजबूत रिकॉर्ड रहा है।टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डी. बी. सुंदर रामम ने कहा कि चर्चिल ब्रदर्स भारतीय फुटबॉल के इतिहास और विरासत वाला क्लब है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ियों और कोचों को क्लब फुटबॉल में अपना सफर जारी रखने का अवसर मिलेगा।उन्होंने बदलाव को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में एआईएफएफ और चर्चिल ब्रदर्स के सहयोग के लिए आभार जताया।
ग्रासरूट और युवा फुटबॉल पर टाटा स्टील का फोकस जारी रहेगा
टाटा स्टील ने स्पष्ट किया है कि क्लब स्तर पर इस बदलाव के बावजूद कंपनी जमीनी स्तर और युवा फुटबॉल पर अपना ध्यान जारी रखेगी।कंपनी स्थानीय और आदिवासी समुदायों से युवा प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए काम करती रहेगी। टाटा फुटबॉल अकादमी की स्थापना वर्ष 1987 में जमशेदपुर में हुई थी। कंपनी के अनुसार, अकादमी अब तक 300 से अधिक कैडेटों को प्रशिक्षित कर चुकी है, जिनमें 150 से अधिक खिलाड़ियों ने भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
मौजूदा खेल बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल जारी रखेगी कंपनी
टाटा स्टील अपने मौजूदा खेल बुनियादी ढांचे को बनाए रखेगी और इसका इस्तेमाल ग्रासरूट फुटबॉल तथा खिलाड़ियों के विकास के लिए किया जाएगा।कंपनी एआईएफएफ के सहयोग से अपने युवा फुटबॉल सिस्टम को आधुनिक बनाने और उसकी क्षमता बढ़ाने पर भी काम करेगी।
फुटबॉल के अलावा कई खेलों में अकादमियां चला रही टाटा स्टील
टाटा स्टील फुटबॉल के अलावा तीरंदाजी, हॉकी, स्पोर्ट क्लाइंबिंग और रोइंग जैसे खेलों में भी अकादमियां संचालित करती है।कंपनी के अनुसार, टाटा आर्चरी अकादमी ने 25 वर्षों में 180 से अधिक कैडेटों को प्रशिक्षित किया है, जिनमें आठ ओलंपियन शामिल हैं।वहीं, नेवल टाटा हॉकी अकादमी क्षेत्रीय विकास और ग्रासरूट स्तर पर 32 केंद्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, पोषण और मानसिक तैयारी की सुविधाएं उपलब्ध कराती है।
जमशेदपुर फुटबॉल के लिए नए अध्याय की शुरुआत
जेएफएसपीएल में हिस्सेदारी और आईएसएल स्पोर्टिंग लाइसेंस के हस्तांतरण के साथ जमशेदपुर एफसी के संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। वहीं, टाटा स्टील ने जमीनी स्तर पर युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के अपने दीर्घकालिक प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
