जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगोली, कविता, गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन मौजूद रहे। उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें गंगाजल और तिलक लगाकर सम्मानित किया गया।

गुब्बारा उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ
उपायुक्त राजीव रंजन ने गुब्बारा उड़ाकर एवं दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी भी मौजूद थीं।कार्यक्रम में एसडीओ अर्णव मिश्रा, जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद, नगर अपर आयुक्त कृष्ण कुमार, डीडीसी समेत जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
स्कूली बच्चों ने दी देशभक्ति की शानदार प्रस्तुति
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित रंगोली, कविता, गीत और नृत्य प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को खास बना दिया।छात्रों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान टाउन हॉल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्साह का माहौल
कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की।स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में लोग और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
