जमशेदपुर: कदमा के ब्रह्मर्षि भवन में भूमिहार महिला समाज ने रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया हरितिमा सावन महोत्सव, 250 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा

जमशेदपुर: भूमिहार महिला समाज, झारखंड की ओर से रविवार को कदमा स्थित ब्रह्मर्षि भवन में हरितिमा सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन की कार्यकारिणी सदस्यों के साथ समाज की 250 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद श्री गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। अतिथियों के स्वागत के बाद भूमिहार महिला समाज, झारखंड की फाउंडर अनु सिंह ने संगठन की सामाजिक गतिविधियों और महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

महिलाओं के लिए चल रहीं कई सामाजिक पहल

अनु सिंह ने बताया कि महिला समाज की ओर से सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कई पहल संचालित की जा रही हैं। इनमें ‘रोजगार एक प्रयास’, वृक्षारोपण अभियान, गरीब छात्रों को पाठ्य सामग्री वितरण, बेसरा, पंख महिला हाट, शिक्षित समाज मुहिम और हेल्थ कैंप प्रमुख हैं।उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में एक बार फिर हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा।

सावन क्वीन और बेस्ट ग्रीन ड्रेस प्रतियोगिता बनी आकर्षण

हरितिमा सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने नृत्य, संगीत और सावन गीतों की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।इस दौरान सर्वश्रेष्ठ हरे परिधान प्रतियोगिता और सावन क्वीन प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा विभिन्न सावन गेम्स में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

विजेताओं और प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्सवी माहौल में महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ सावन की खुशियां साझा कीं।

मीडिया सदस्यों का भी किया गया सम्मान

कार्यक्रम का समापन स्वरुचि भोज, मीडिया सदस्यों के सम्मान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में भूमिहार महिला समाज, झारखंड की कार्यकारिणी की सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

More From Author

स्वतंत्रता दिवस पर जमशेदपुर पुलिस और ग्रामीण पुलिस के बीच मैत्री फुटबॉल मैच, 3-0 से जीती जिला पुलिस