जमशेदपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर -2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने की। इसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, ईआरओ , एईआरओ और निर्वाचन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।


5 अगस्त को प्रकाशित हो चुकी है प्रारूप मतदाता सूची
बैठक में एसआईआर -2026 के तहत अब तक किए गए कार्यों और आगे की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित की जा चुकी है।प्रारूप सूची को लेकर दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद प्रक्रिया पूरी कर अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
पात्र नागरिकों का नाम न छूटे, अपात्र का नाम न जुड़े
आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
घर-घर सत्यापन और दावे-आपत्तियों की हुई समीक्षा
बैठक में घर-घर सत्यापन, गणना फॉर्म, एएसडीडी सूची के सत्यापन तथा दावे और आपत्तियों के निष्पादन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।आयुक्त ने अधिकारियों को प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन कर उनका समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद आयुक्त ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय, गोलमुरी और इनकैब केरला पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सत्यापन, पात्र नागरिकों के पंजीकरण और घर-घर संपर्क अभियान की जानकारी ली। इस दौरान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
