जमशेदपुर में भारत भारती का प्रांतीय सम्मेलन, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर देशभक्ति कार्यक्रमों की धूम

जमशेदपुर: राष्ट्रीय एकात्मता को समर्पित संस्था भारत भारती की झारखंड प्रदेश इकाई ने जमशेदपुर के साकची स्थित मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर किया गया।भारत भारती संस्था देश के 22 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और विभिन्न राज्यों, भाषाओं, वेशभूषा एवं संस्कृतियों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

दीप प्रज्वलन और भारत माता को श्रद्धासुमन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो उपस्थित रहे। उनके साथ भारत भारती के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मेजर संजय मेहरोत्रा, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, स्वदेशी जागरण मंच के मनोज कुमार सिंह, भारत भारती झारखंड के मार्गदर्शक ब्रिगेडियर बी. जी. पाठक (सेवानिवृत्त), प्रदेश अध्यक्ष सार्जेंट अनिरुद्ध सिंह तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राजीव रंजन मौजूद रहे।
अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर और भारत माता के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

भारत भारती परिचय, रक्षाबंधन और देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सम्मेलन में भारत भारती परिचय, कार्यकर्ता सम्मेलन, रक्षाबंधन कार्यक्रम के साथ देशभक्ति गीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। विभिन्न राज्यों से जुड़े जमशेदपुरवासियों और स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया।कार्यक्रम में दयानंद पब्लिक स्कूल, साकची, गोविंद विद्यालय, तामोलिया, टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टिट्यूट, बर्मामाइंस, राजा डांस एकेडमी, मानगो और बहादुर खालसा गटका सिख मार्शल आर्ट झारखंड के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

रांची, बोकारो और गुमला में भारत भारती की इकाइयों की घोषणा

कार्यक्रम में विषय प्रवेश रखते हुए प्रदेश सचिव सुशील कुमार सिंह ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत भारती एक ही शहर में रहने वाले विभिन्न राज्यों के लोगों को उनकी भाषा, वेशभूषा और खान-पान की विविधता के साथ एक मंच प्रदान करती है।उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान रांची, बोकारो और गुमला में भारत भारती की इकाइयों की घोषणा भी की गई। ये इकाइयां अपने-अपने शहरों में राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगी।

सांसद विद्युत वरण महतो ने युवाओं और सैनिकों की भूमिका को सराहा

सांसद विद्युत वरण महतो ने सैनिकों और देश के युवाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और योगदान से देश की सुरक्षा एवं विकास को मजबूती मिलती है।वहीं, स्वदेशी जागरण मंच के मनोज कुमार सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

युवाओं को सेना में करियर बनाने के लिए किया प्रेरित

भारत भारती के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मेजर संजय मेहरोत्रा ने युवाओं को सेना में करियर बनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के कोऑर्डिनेटरों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

400 से अधिक लोगों ने लिया कार्यक्रम में हिस्सा

कार्यक्रम में लगभग 400 देशभक्तों और प्रतिभागियों की उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में सुशील कुमार सिंह, राजीव रंजन, दिनेश सिंह, सतनाम सिंह, मिथिलेश सिंह, हंसराज सिंह, सुबोध कुमार, रजत डे, अनिरुद्ध सिंह, मनोज झा, डी. एस. तिवारी, जयप्रकाश नारायण पाठक, सुनील राय, रेणु सिंह, सीमा सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राजीव रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

More From Author

बोकारो में अर्जुन मुंडा का सरकार पर हमला, छात्र आंदोलन पर लाठीचार्ज और मुकदमों को बताया गलत

जमशेदपुर में बंद फ्लैट में लगी आग, एसी ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी