जमशेदपुर में बंद फ्लैट में लगी आग, एसी ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के एलबीएसएम कॉलेज रोड स्थित हरहरगुट्टू के नीलकंठ नीलम अपार्टमेंट में रविवार को बंद फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अपार्टमेंट के दूसरे तल्ले पर स्थित फ्लैट से अचानक धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अन्य निवासियों और पुलिस को दी।

धुआं निकलने के बाद खाली कराया गया अपार्टमेंट

धुआं उठता देखकर अपार्टमेंट के लोगों ने तत्काल परसुडीह थाना और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर अपार्टमेंट के अन्य निवासी अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए।फ्लैट बंद होने के कारण लोगों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर पूरा कमरा धुएं से भरा हुआ था। इस दौरान कमरे के अंदर से विस्फोट जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।

स्प्लिट एसी में ब्लास्ट के बाद लगी आग

जांच के दौरान प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि कमरे में लगा स्प्लिट एसी ब्लास्ट हो गया था, जिसके बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से एसी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कमरे में रखा अन्य सामान भी जलकर खराब हो गया।फ्लैट में सुरक्षा के लिए अग्निशमन यंत्र रखा हुआ था। इसी अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया गया।

घटना के समय फ्लैट में नहीं था कोई व्यक्ति

राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय फ्लैट के अंदर कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ी जनहानि टल गई। घटना की जानकारी फ्लैट मालिक राहुल मजूमदार को दी गई, जिसके बाद वह भी मौके पर पहुंचे।

एसी में तकनीकी खराबी की आशंका

फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में एसी में तकनीकी खराबी को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

More From Author

जमशेदपुर में भारत भारती का प्रांतीय सम्मेलन, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर देशभक्ति कार्यक्रमों की धूम

सरायकेला में संजय नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस