सरायकेला-खरसावां: जिले के सीनी ओपी अंतर्गत मुरुप गांव के समीप संजय नदी से रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को संजय नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया गया है।
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई।पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
