चांडिल में जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या, होटल में दिनदहाड़े फायरिंग

चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बेखौफ अपराधियों ने जमशेदपुर के एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात आसनबनी-कांदरबेड़ा क्षेत्र स्थित टेंथमाइल स्टोन होटल में हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज निवासी निखार सबलोक (33) के रूप में हुई है।

बाइक सवार अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के अनुसार, निखार सबलोक किसी काम से टेंथमाइल स्टोन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कारोबारी को चार गोलियां मारीं, जिनमें एक गोली सिर में लगी।फायरिंग के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल निखार सबलोक को होटल में मौजूद लोगों और साथियों की मदद से इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से मिले गोली के खोखे, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं।होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार हमलावरों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि, हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी या पहचान को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

रंगदारी समेत कई एंगल से जांच

निखार सबलोक होटल समेत अन्य कारोबार से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर रंगदारी या कारोबारी विवाद के एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है।हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने और हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।दिनदहाड़े होटल में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र के कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन और परिचित भी टीएमएच पहुंचे।चांडिल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

More From Author

बागबेड़ा गोल्डेन ज्वेलरी चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार; 1.5 किलो चांदी के आभूषण बरामद