जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी नामक बंद दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण, वेट मशीन और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए हैं।


शटर तोड़कर लाखों के चांदी के गहने ले गए थे चोर
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को अज्ञात चोरों ने गोल्डेन ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और वेट मशीन चोरी कर ली थी। घटना के बाद बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की सहायता से जांच आगे बढ़ाई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38 वर्ष), निवासी गाराबासा और श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55 वर्ष), वर्तमान निवासी गाराबासा गुदरी मार्केट के रूप में हुई है।
करीब 1.5 किलो चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में 36 चांदी के लॉकेट,134 अंगूठियां,6 मंगलसूत्र,11 पान पत्ता,9 पायल,15 मोती की मालाएं,3 चांदी की चेन,13 राखियां,2 चांदी के सिक्के,1 बाजूबंद,4 जोड़ी कान के टॉप्स,4 चांदी की गदा,कान्हा की चांदी की बांसुरी,लक्ष्मी-गणेश की 6 मूर्तियां,4 शंखा-पोला,2 जोड़ी कड़े घुंघरू सहित अन्य चांदी के सामान शामिल हैं।
बोल्ट कटर और सब्बल भी बरामद
चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए बोल्ट कटर और लोहे के सब्बल भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा दोनों वेट मशीन भी पुलिस के हाथ लगी हैं।
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर इस चोरी में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है।पुलिस की कार्रवाई से दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा होने के साथ चोरी गए सामान की बड़ी मात्रा में बरामदगी भी हुई है।
