जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से युवक के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। घायल युवक की पहचान मानगो कुंवर बस्ती निवासी उत्तम कालिंदी के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने घायल को पहुंचाया एमजीएम अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल उत्तम कालिंदी सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
काम पर जाने से पहले मामी के घर गए थे उत्तम
जानकारी के मुताबिक, उत्तम कालिंदी बारीडीह स्थित एक गैरेज में मिस्त्री का काम करते हैं। गुरुवार सुबह काम पर जाने से पहले वह छायानगर स्थित अपनी मामी के घर गए थे। वहां से बाइक पर सवार होकर वह बारीडीह लौट रहे थे।इसी दौरान बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास तेज गति से आ रहे हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद उत्तम सड़क पर गिर पड़े और उनके दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद हाइवा छोड़कर फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को जब्त कर लिया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार हाइवा चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
भारी वाहनों की रफ्तार पर स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बर्निंग घाट गोलचक्कर के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्ती, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
