Views: 2
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार में आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान चांडिल निवासी राहुल कुमार महतो और धनबाद निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के, दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।
हथियार के बल पर परिवार को बनाया था बंधक
गौरतलब है कि 9 अक्टूबर की मध्यरात्रि अपराधियों ने हथियार के बल पर सुरेश चौधरी के परिवार को बंधक बनाकर घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान अपराधी कीमती आभूषण समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की थी।
रेकी करने और लूट के गहने खरीदने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राहुल कुमार महतो डिलीवरी कर्मी के रूप में काम करता था। आरोप है कि उसने डकैती से पहले सुरेश चौधरी के घर की रेकी की थी और अपराधियों को घर की गतिविधियों सहित अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी।वहीं, धनबाद निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद पर डकैती में लूटे गए आभूषण खरीदने का आरोप है। पुलिस दोनों आरोपियों से बरामद आभूषणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
पहले पांच आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस पहले ही पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही डकैती में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और लूटे गए सामान के संबंध में भी पड़ताल की जा रही है।
