शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को सम्मानित करेगा बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ, पेपर लीक मामले पर होगी परिचर्चा

जमशेदपुर: शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन 6 सितंबर, रविवार को मानगो के डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में किया जाएगा। इसकी जानकारी संघ के सदस्य विकास सिंह ने दी।

छह वर्षों से शिक्षकों को सम्मानित कर रहा संघ

विकास सिंह ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से पिछले छह वर्षों से लगातार शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है। इस वर्ष भी प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों के साथ-साथ इंटर और डिग्री कॉलेज के शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में निजी, अर्धसरकारी और सरकारी शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षक शामिल होंगे।

कार्यक्रम में शिक्षक ही होंगे मुख्य अतिथि

विकास सिंह ने कहा कि समाज और देश निर्माण में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसी सोच के तहत कार्यक्रम में किसी राजनीतिक या अन्य प्रभावशाली व्यक्ति को मुख्य अतिथि बनाने के बजाय शिक्षकों को ही अतिथि के रूप में सम्मान दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि अक्सर बड़े कार्यक्रमों में आर्थिक या आपराधिक प्रभाव रखने वाले लोगों को अतिथि बनाया जाता है, जबकि देश की नई पीढ़ी को शिक्षित और तैयार करने वाले शिक्षक दर्शक बनकर रह जाते हैं। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ इस परंपरा को बदलने का प्रयास कर रहा है।

पेपर लीक मामलों पर होगी गोष्ठी और परिचर्चा

कार्यक्रम के दौरान हाल में सामने आए नीट और झारखंड सरकार की परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों को लेकर गोष्ठी और परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी।इस परिचर्चा में अनुभवी शिक्षक परीक्षा व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक जैसी चुनौतियों पर अपने विचार रखेंगे।

शिक्षा के बिना विकास संभव नहीं: विकास सिंह

विकास सिंह ने कहा कि शिक्षा के बिना किसी भी क्षेत्र में वास्तविक विकास संभव नहीं है। इसके बावजूद देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के बाद भी शिक्षा के उत्थान की बात करना चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि शिक्षा को मजबूत किए बिना देश के सामाजिक, आर्थिक और मानवीय विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। शिक्षकों को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।

वार्ता में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम की जानकारी देने के दौरान विकास सिंह के साथ छोटेलाल सिंह, शंभू शरण सिंह, सविता गोस्वामी और प्रीति बॉस समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

More From Author

जमशेदपुर: संकट में जनता की मददगार बनी ‘डायल-112’; औसतन 8 मिनट 42 सेकेंड में पहुंच रही पुलिस, अगस्त में निपटाए 1,746 मामले

सोनारी चेन स्नैचिंग मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, महिला की सोने की चेन बरामद