जमशेदपुर: भुइंयाडीह में श्री राधा गोविंद मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न; नन्हे कन्हैयाओं को दुलाल भुइयां ने किया पुरस्कृत, भजन संध्या पर झूमे श्रद्धालु

जमशेदपुर:भुइंयाडीह छाया नगर स्थित श्री राधा गोविंद मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित चार दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल में हुआ। अंतिम दिन आयोजित बाल प्रतियोगिता में कृष्ण-कन्हैया का रूप धरकर पहुंचे नन्हे बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसके पश्चात आयोजित भव्य ‘भजन संध्या’ में पूरी बस्ती भक्ति रस में सराबोर नजर आई।

बाल गोपालों को मुख्य अतिथि दुलाल भुइयां ने किया सम्मानित

समारोह के अंतिम चरण में बच्चों के लिए विशेष सांस्कृतिक व वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। क्षेत्र के छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी के बाल रूप में सज-धज कर मंदिर प्रांगण पहुंचे, जिन्हें देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने प्रतियोगी बच्चों को पुरस्कार और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति अच्छे संस्कार रोपित होते हैं।

हनुमान जी की जीवंत झांकी और अलौकिक भजन संध्या

देर शाम शुरू हुआ भजन संध्या का कार्यक्रम अहले सुबह तक निर्बाध रूप से चलता रहा। प्रसिद्ध भजन गायकों की टीम ने एक से बढ़कर एक सुरीले भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित महिलाएं, बुजुर्ग और युवा श्रद्धालु जमकर थिरके।कार्यक्रम के दौरान कलाकार द्वारा धारण किए गए संकटमोचन हनुमान जी के जीवंत रूप और नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इस प्रस्तुति के दौरान पूरा छाया नगर क्षेत्र ‘जय श्री राम’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा।

हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण

प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के पूर्णाहूति के उपरांत मंदिर कमेटी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। अहले सुबह तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भुइंयाडीह, छाया नगर और आसपास के इलाकों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद (महाभोग) का वितरण किया गया। मंदिर कमेटी के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने इस चार दिवसीय सफल आयोजन के लिए पूरी बस्ती का आभार व्यक्त किया और कहा कि 20 वर्षों का जो सपना था, वह आज पूर्ण रूप से साकार हो गया है।

More From Author

निखार सबलोक हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, लोडेड देशी पिस्टल और बाइक बरामद