Views: 0
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में लंबे समय से लंबित भर्तियों को पूरा कराने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। जिले में चौकीदार के रिक्त पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और आप होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई की अपील की गई है।
देवघर की तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम में भी नई भर्ती की मांग
अभ्यर्थियों द्वारा सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न अंचलों और थानों में चौकीदार के कई पद रिक्त हैं, जिससे योग्य एवं बेरोजगार युवाओं को अवसर नहीं मिल पा रहा है।अभ्यर्थियों ने हाल ही में देवघर जिले में चौकीदार के रिक्त पदों पर जारी की गई भर्ती अधिसूचना का हवाला दिया है। मांग की गई है कि पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन भी सभी थानों व अंचलों से रिक्त पदों का तत्काल आकलन कराए और नई भर्ती प्रक्रिया की अधिसूचना जल्द से जल्द जारी करे।
होमगार्ड अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म करने की अपील
आवेदन में जिले के होमगार्ड अभ्यर्थियों के भविष्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया काफी समय पहले पूरी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है।परीक्षा में लगातार हो रही देरी के कारण हजारों युवाओं को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनके उम्र सीमा पर भी असर पड़ रहा है।
प्रशासन से युवाओं के हित में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह
युवाओं और आवेदकों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि जनहित और बेरोजगार युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए उचित कदम उठाए जाए। चौकीदार पदों के लिए नई विज्ञापन संख्या जारी की जाए और होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा की समय सारणी तुरंत घोषित की जाए।प्रशासनिक स्तर पर यदि यह निर्णय जल्द लिया जाता है, तो जिले के हजारों ग्रामीण व शहरी शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सीधी राहत मिलेगी और रोजगार का मार्ग प्रशस्त होगा।
