जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर में दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल दूसरा आरोपी मो. जाफर पहले ही कदमा थाना कांड संख्या 98/26 में गिरफ्तार किया जा चुका है।मामले की जानकारी शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी-छैनी बरामद की गई है।
7 सितंबर को क्वार्टर में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की दोपहर तमरिया रोड स्थित क्वार्टर संख्या एल-2/27 में रहने वाले सुधांशु आदित्य के घर में अज्ञात चोर घुस गए थे। चोरों ने घर से सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था।घटना के संबंध में 8 सितंबर को साकची थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी ललित मीणा के नेतृत्व और नगर डीएसपी के पर्यवेक्षण में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में पुलिस ने सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में संलिप्तता स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए कई आभूषण बरामद किए हैं।बरामद सामान में सोने की अंगूठी, सोने का एक जोड़ा पंजरा (मेहंदी छल्ला), चांदी की पायल और चांदी की अंगूठी समेत अन्य जेवरात शामिल हैं।इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई एक हथौड़ी और छैनी भी पुलिस ने जब्त की है।
गिरफ्तार सुमित का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सुमित दास उर्फ लंगड़ा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साकची और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।वहीं, दूसरा आरोपी मो. जाफर पहले ही कदमा थाना कांड संख्या 98/26 में गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और गिरोह के सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।
