जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त खून लगा चापड़ बरामद किया है। वहीं, बंद घर में चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के कांसा, पीतल, सोने और चांदी के सामान बरामद किए गए हैं।
शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला, दो गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित बाबा फर्नीचर के सामने मुख्य सड़क पर कुछ युवकों ने मो. कैफ (24) के सिर पर चापड़ से हमला कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जिशान अंसारी (23) और मो. दिलरेज खान (20) को गिरफ्तार किया।पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
बंद घर में चोरी का भी पुलिस ने किया खुलासा
कदमा पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में 3 सितंबर को न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 स्थित महुआ सिन्हा बाबू के बंद घर में हुई चोरी का खुलासा किया।पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर को मो. जफर खान (32) को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर क्वार्टर से चोरी का सामान बरामद किया।
कांसा-पीतल से लेकर सोने-चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में बड़ी मात्रा में घरेलू धातु के बर्तन और आभूषण शामिल हैं। इनमें कांसा-पीतल के लोटे, गिलास, थाली, हांडी और जग के अलावा सोने का हार, मांगटीका, कान के टॉप्स और नथ बरामद की गई है।इसके अलावा चांदी की थाली, गिलास, कटोरे, बेरा और अंगूठियां भी बरामद हुई हैं।पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है। जांच के दौरान अन्य चोरी के मामलों से जुड़े आभूषण भी बरामद होने की बात पुलिस की ओर से कही गई है।
कदमा पुलिस की कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि चापड़ से हमला मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं, चोरी के मामले में बरामद सामान और आरोपी के आपराधिक संबंधों को लेकर आगे की जांच की जा रही है।
