जमशेदपुर: जम्बू अखाड़ा (महिला विंग) आयोजित करेगा भव्य 108 कन्या पूजन सह शस्त्र पूजन, 20 अक्टूबर को गूंजेगा चंडी पाठ और ढाक का बाजा

जमशेदपुर:शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भालूबासा स्थित ऐतिहासिक जम्बू अखाड़ा प्रांगण में 20 अक्टूबर (मंगलवार) को प्रातः 10:30 बजे जम्बू अखाड़ा (महिला विंग) के तत्वावधान में भव्य 108 कन्या पूजन सह शस्त्र पूजन का आयोजन किया जाएगा।सनातन धर्म में नवरात्र के दौरान कन्या पूजन को अत्यंत फलदायी और शुभ माना गया है, क्योंकि छोटी बालिकाएं मां जगदम्बा का ही स्वरूप होती हैं। मान्यता है कि इस पूजन से माता रानी सभी भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।

108 कन्याओं का होगा महापूजन; बंगाल के धाक बाजे से गुंजायमान होगा परिसर

20 अक्टूबर की सुबह जम्बू अखाड़ा परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की विशेष व्यवस्था की गई है।मंदिर के मुख्य पुजारी द्वारा पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच 108 कन्याओं का पांव पखार कर पूजन किया जाएगा और उन्हें महाप्रसाद भेंट किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर में सस्वर चंडी पाठ और शंखनाद का आयोजन होगा। नवरात्र के पावन वातावरण को भक्तिमय बनाने के लिए विशेष रूप से बंगाल से ढाकी कलाकारों को बुलाया गया है, जिनके ‘धाक बाजे’ की थाप से पूरा अखाड़ा परिसर गूंज उठेगा।

शक्ति अर्जन और आत्मरक्षा का प्रतीक: शस्त्र पूजन

कन्या पूजन के साथ-साथ जम्बू अखाड़ा में पारंपरिक शस्त्र पूजन का भी भव्य आयोजन होगा। अखाड़ा परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन शक्ति अर्जन, धर्म की रक्षा और समाज में निर्भयता का संदेश देता है। मां दुर्गा के हाथों में विराजमान अस्त्र-शस्त्र इस बात का प्रतीक हैं कि माता रानी अपने भक्तों की हर संकट से रक्षा करती हैं।

“समस्त श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान में हों शामिल” — बंटी सिंह

जम्बू अखाड़ा के संरक्षक बंटी सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर जमशेदपुर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस पावन धार्मिक आयोजन में सपरिवार शामिल होने की भावभरी अपील की है।बंटी सिंह ने कहा कि “नवरात्र शक्ति और भक्ति का महापर्व है। जम्बू अखाड़ा (महिला विंग) द्वारा आयोजित 108 कन्या पूजन और शस्त्र पूजन का उद्देश्य हमारी भावी पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ना और समाज में नारी शक्ति का सम्मान स्थापित करना है। जमशेदपुर की समस्त माताएं-बहनों और श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे 20 अक्टूबर को अखाड़ा प्रांगण पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें।”

More From Author

जमशेदपुर: साकची गोलचक्कर पर एआईएसएफ का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और गृह मंत्री अमित शाह का फूंका पुतला