Views: 10
जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर में आस्था का प्रमुख केंद्र श्री श्री विजय बजरंग मंदिर (जंबू अखाड़ा) समिति, भालूबासा द्वारा आगामी 12 दिसंबर 2026 को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। इस पावन अवसर पर 5 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण और पूरी तरह से पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा।संरक्षक बंटी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आयोजन की तैयारियों की रूपरेखा तय की गई।
जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सहयोग देने की पहल
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल प्रदान करना है, ताकि वे अपने बच्चों का विवाह पूरी गरिमा और सम्मान के साथ संपन्न करा सकें। विवाह समारोह के लिए वर और वधू पक्ष से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।इच्छुक वर-वधू पक्ष 20 नवंबर 2026 तक जंबू अखाड़ा कार्यालय में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी तथा आवश्यक स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट , लिपिड प्रोफाइल एवं एचआईवी) जमा कर निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।
भव्य बारात और मेंहदी की रस्म होगी आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। विवाह समारोह से पूर्व पारंपरिक मेंहदी की रस्म का आयोजन होगा। इसके अलावा सभी वरों की एक साथ भव्य बारात निकाली जाएगी। आयोजन में शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।
पहले भी आयोजित हो चुके हैं सफल समारोह
उल्लेखनीय है कि जंबू अखाड़ा समिति द्वारा इससे पूर्व वर्ष 2022 और 2025 में भी भव्य सामूहिक विवाह समारोह का सफल आयोजन किया जा चुका है। इन आयोजनों के माध्यम से कुल 10 जोड़ों ने अपने नए सुखद दाम्पत्य जीवन की शुरुआत की थी।बैठक के दौरान समिति के संरक्षक बंटी सिंह, लाइसेंसी रणबीर मंडल, सचिव मधुसूदन गोस्वामी, अध्यक्ष बृज किशोर, उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, समाजसेवी रोहित सिंह, प्रहलाद लोहरा, रितिका श्रीवास्तव, आरती मुखी, विवेक सिंह, अभिजीत घोष, रवि विश्वनाथ, वीरेंद्र चौबे, सुमित सिंह, अविनाश राय, अशोक दास, राहुल बेसरा, दिनेश राव, गौतम रॉय, अभिजीत मित्रा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
