Views: 6
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा के अचानक निधन से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। उनके निधन को भाजपा परिवार और जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर मिश्रा दो दिन पहले ही अपने परिजनों के साथ जन्मदिन मनाया था। मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की बैठक में भी वे शामिल हुए थे। बुधवार को एक शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाने के दौरान उनका निधन हो गया।
अचानक निधन से भाजपा परिवार में शोक
चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पार्टी के एक नेता ने कहा कि दो दिन पहले जन्मदिन मनाने और एक दिन पहले पार्टी की बैठक में सक्रिय रूप से शामिल होने वाले वरिष्ठ नेता का अचानक इस तरह चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने चंद्रशेखर मिश्रा को वरिष्ठ मार्गदर्शक और प्रिय अभिभावक बताते हुए उनके निधन को व्यक्तिगत और संगठनात्मक क्षति करार दिया।शोक संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और भाजपा परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की गई।चंद्रशेखर मिश्रा के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों के बीच शोक का माहौल है।
