कदमा में लोडेड देसी कट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार, सिटी एसपी ने किया खुलासा

Views: 1

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित काली मंदिर रोड पर पुलिस ने छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक अतिरिक्त गोली और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि रामजनम नगर के काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग अपने एक साथी के साथ घर में अवैध देसी कट्टा लेकर मौजूद है। सूचना में यह भी आशंका जताई गई थी कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना का सत्यापन करने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम जब समीर नाग के घर पहुंची, तो कमरे में दो युवक बैठे मिले। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।

कमरे से लोडेड कट्टा, जेब से मिली गोली

पुलिस ने कमरे और दोनों युवकों की तलाशी ली। इस दौरान समीर नाग की पैंट की दाहिनी जेब से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। वहीं, कमरे की तलाशी में एक लोडेड देसी कट्टा मिला। शुभम कुहार के ट्राउजर की जेब से एक अतिरिक्त गोली बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करीब 20 वर्षीय समीर नाग उर्फ आदित्य नाग, निवासी रामजनम नगर काली मंदिर रोड, कदमा और करीब 19 वर्षीय शुभम कुहार, निवासी भाटिया बस्ती रोड नंबर 10-12, राज बिहारी पथ, कदमा के रूप में हुई है।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने हथियार बरामदगी के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि देसी कट्टा आरोपियों के पास कहां से आया था और वे कथित तौर पर किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, समीर नाग का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

More From Author

गोलमुरी के केबुल बस्ती में खपरैल मकान में लगी आग, घरेलू सामान जलकर राख

आदित्यपुर: मिरूडीह कचरा ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन पर ग्रामीणों का विरोध, वार्ड सभा में उठेंगे सवाल