Views: 0
सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो रोड पर रविवार सुबह करीब 7 बजे भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय उज्ज्वल मंडल की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार बंसीधर मंडल घायल हो गए। वहीं, राइडर्स के समूह में शामिल एक अन्य बाइक सवार के भी घायल होने की सूचना है।जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी उज्ज्वल मंडल मोटरसाइकिल (JH05BA7123) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से 4-5 बाइक पर सवार होकर आ रहे राइडर्स के समूह में शामिल एक बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उज्ज्वल मंडल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ बाइक पर सवार बंसीधर मंडल घायल हो गए।भूषण महतो ने बताया कि राइडर्स के समूह की चपेट में उनका परिवार भी आ गया। हालांकि, परिवार के सभी सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो बच्चों के पिता थे उज्ज्वल मंडल
बताया गया कि उज्ज्वल मंडल शादीशुदा थे और दो बच्चों के पिता थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
