रांची: अंबा प्रसाद की दीपावली इस बार टेंट में, सरकारी आवास से हुईं बाहर

Views: 0

रांची: कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने एचईसी स्थित अपने सरकारी आवास को जिला प्रशासन द्वारा खाली कराए जाने की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस कार्रवाई को भेदभावपूर्ण और अमानवीय बताते हुए आरोप लगाया कि आवास खाली कराने से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। अंबा प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि उनका इस घर से विशेष लगाव है और वह दीपावली इसी आवास में मनाएंगी। इसके लिए जरूरत पड़ी तो टेंट लगाकर भी रहेंगी।

रांची में आवास नहीं होने पर सरकार से किया था आग्रह

अंबा प्रसाद ने बताया कि वह इस सरकारी आवास में अकेली रह रही थीं। रांची में उनका अपना कोई आवास नहीं है। इस वजह से उन्होंने सरकार से किराये पर आवास आवंटित करने का आग्रह किया था। इस संबंध में उन्होंने अपनी पार्टी को भी पत्र लिखा था। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने अचानक आवास खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी।

दूसरे पूर्व विधायकों पर कार्रवाई नहीं होने का उठाया सवाल

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कई पूर्व विधायक अब भी दो-दो सरकारी आवासों में रह रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनके मामले में ही प्रशासन ने इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई।

भाई की शादी की तैयारियां भी हुईं प्रभावित

अंबा प्रसाद के अनुसार, उनके भाई की शादी इसी सरकारी आवास से होनी थी। इसे लेकर तैयारियां चल रही थीं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई के कारण सारी व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। उन्होंने कहा कि दीपावली से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा है।

टेंट लगाकर भी इसी आवास में मनाएंगी दीपावली

अंबा प्रसाद ने कहा कि इस घर से उनका विशेष लगाव है। वह किसी भी परिस्थिति में दीपावली इसी आवास में मनाना चाहती हैं। जरूरत पड़ी तो टेंट लगाकर रहेंगी, लेकिन घर छोड़कर नहीं जाएंगी।

More From Author

चाकुलिया के केंदाडांगरी में तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर बना भव्य काली पूजा पंडाल, मंत्री दीपक बिरुआ ने किया उद्घाटन