पंचतत्व में विलीन हुए भाजपा नेता निर्भय सिंह, जुड़वां भाई अभय सिंह अर्थी को कंधा देकर फफककर रो पड़े

Views: 2

जमशेदपुर: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के जुड़वां भाई एवं भाजपा नेता निर्भय सिंह शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। शनिवार दोपहर काशीडीह स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। इसमें भाजपा, झामुमो, कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भुइयांडीह स्थित बर्निंग घाट पर उनके बेटे ने मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के दौरान सबसे भावुक पल तब सामने आया, जब जुड़वां भाई अभय सिंह अपने भाई की अर्थी को कंधा देकर फफककर रो पड़े। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

हार्ट अटैक के बाद टीएमएच में हुआ था निधन

जानकारी के अनुसार, निर्भय सिंह को शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक हार्ट अटैक आया था। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद दिल का दौरा पड़ने की पुष्टि की और उन्हें कैथ लैब में शिफ्ट किया गया। यहां वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जुड़वां भाई की अर्थी को कंधा देते फफक पड़े अभय सिंह

निर्भय सिंह की अंतिम यात्रा के दौरान सबसे मार्मिक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह अपने जुड़वां भाई की अर्थी को कंधा दे रहे थे। भाई को हमेशा के लिए विदा करने का दर्द उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था। वह खुद को संभाल नहीं सके और फफककर रो पड़े।अभय सिंह को इस तरह रोता देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। आसपास के लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें ढांढस बंधाया। जुड़वां भाई के साथ जीवन का लंबा सफर बिताने के बाद इस तरह अंतिम विदाई देना उनके लिए बेहद पीड़ादायक क्षण था।

अर्जुन मुंडा ने दी श्रद्धांजलि, अरविंद सिंह भी रहे मौजूद

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को निर्भय सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।इस दौरान ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने अभय सिंह से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने दी अंतिम विदाई

निर्भय सिंह की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। काशीडीह स्थित आवास से निकली शवयात्रा में भाजपा के साथ झामुमो, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शुभचिंतक और परिचित भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।सभी ने नम आंखों से निर्भय सिंह को अंतिम विदाई दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

More From Author

आदित्यपुर के दो होटलों में पुलिस की औचक छापेमारी, 40 से 50 युवक-युवतियों से पूछताछ; संचालकों को चेतावनी

चाकुलिया के केंदाडांगरी में तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर बना भव्य काली पूजा पंडाल, मंत्री दीपक बिरुआ ने किया उद्घाटन