Views: 13
जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘आरंभ एक नई शुरुआत’ संस्था की ओर से सराहनीय पहल की गई है। संस्था ने कदमा फार्म एरिया रोड नंबर 20 और रोड नंबर 21 में छठ व्रतधारियों के अनुरोध पर 5 से 6 नए स्थानों को छठ घाट के रूप में चिह्नित कर वहां खुदाई का कार्य कराया है। इस पहल से छठ व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होंगे और उन्हें होने वाली परेशानियों में कमी आएगी।
छठ व्रतियों के अनुरोध पर तैयार किए गए नए घाट
संस्था की ओर से श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फार्म एरिया रोड नंबर 20 और 21 में नए छठ घाटों के लिए स्थान चिह्नित किए गए। इसके बाद वहां खुदाई का कार्य कराया गया, ताकि छठ महापर्व के दौरान व्रतधारी सुविधाजनक तरीके से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
सुमन महतो के नेतृत्व में हुआ कार्य
यह पूरा कार्य संस्था की अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्रीमती सुमन महतो के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न कराया गया। संस्था की इस पहल की स्थानीय छठ व्रतधारियों ने सराहना की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
आगे भी जनहित के कार्य करती रहेगी संस्था
संस्था का कहना है कि छठ महापर्व केवल आस्था और श्रद्धा का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सुविधा और जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए संस्था आगे भी इसी तरह जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
