जमशेदपुर: करनडीह फाटक के पास सड़क पर जमा गंदा पानी बना मुसीबत, कई महीनों से परेशान हैं हजारों परिवार

Views: 3

जमशेदपुर: परसुडीह के करनडीह फाटक के समीप नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से स्थानीय लोगों को पिछले कई महीनों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जलजमाव के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर ‘सेवा ही लक्ष्य संस्था’ ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

नाली बंद होने से सड़क पर बह रहा घरों का गंदा पानी

जानकारी के अनुसार, करनडीह फाटक के समीप स्थित पुरानी नाली से आसपास के घरों और फ्लैटों का गंदा पानी निकलता था। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने नाली को बंद कर दिया है। उनका कहना है कि नाली का पानी खेतों में जमा होने से खेती प्रभावित हो रही थी।नाली बंद होने के बाद अब आसपास के हजारों परिवारों के घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे सड़क पर जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर जमा गंदा पानी तालाब का रूप ले चुका है।

मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी हो रही परेशानी

सड़क पर गंदा पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। इसी के समीप एक मंदिर भी स्थित है, जहां आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

प्रशासन को पहले भी दी गई थी शिकायत, निरीक्षण के बाद भी कार्रवाई नहीं

‘सेवा ही लक्ष्य संस्था’ ने बताया कि इस समस्या से पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया गया था। शिकायत के बाद जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण भी किया था, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

छठ पर्व से पहले नाली की निकासी दुरुस्त कराने की मांग

संस्था ने छठ महापर्व का हवाला देते हुए कहा कि करनडीह फाटक के समीप की सड़क मुख्य मार्ग है। इसी रास्ते से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर गंदा पानी जमा रहना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है।संस्था ने जिला प्रशासन से जनहित की इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने, बंद नाली की निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और सड़क पर जमा गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

More From Author

जमशेदपुर: कदमा में आउट हाउस परिसर से 62 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद,पुलिस जांच में जुटी