जमशेदपुर: सामाजिक कार्यकर्ता आलोक रंजन बरुआ ने भू-माफिया पर लगाया जमीन कब्जाने का आरोप, उपायुक्त से लगाई न्याय की गुहार

Views: 2

जमशेदपुर: कदमा मंदिर पथ निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता आलोक रंजन बरुआ ने अपनी जमीन पर कथित रूप से जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिला उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। मंगलवार को वे बड़ी संख्या में स्थानीय सीनियर सिटीजन के साथ उपायुक्त के जनता दरबार पहुंचे और पूरे मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मौजूद बुजुर्गों ने भी आलोक रंजन बरुआ के साथ कथित रूप से हो रही घटना पर नाराजगी जताई।

50 साल पहले पूर्वजों ने खरीदी थी जमीन

आलोक रंजन बरुआ के मुताबिक, करीब 50 वर्ष पूर्व उनके पूर्वजों ने उक्त जमीन हेमंत मल्लिक के पिता से खरीदी थी। इसके बाद से उनका परिवार वहां शांतिपूर्वक रह रहा है। उनका दावा है कि जमीन पर उनके स्वामित्व और लंबे समय से निवास से संबंधित पर्याप्त दस्तावेज और प्रमाण उपलब्ध हैं।

कदमा थाना से नहीं मिली मदद, उपायुक्त से लगाई गुहार

आलोक रंजन का आरोप है कि जमीन पर कथित कब्जे को लेकर उन्होंने स्थानीय कदमा थाना पुलिस से भी मदद मांगी, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिली। इसके बाद मंगलवार को वे स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों के साथ उपायुक्त के जनता दरबार पहुंचे और सामूहिक रूप से प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की।

देशभर में साइकिल से भ्रमण कर दे चुके हैं सद्भावना का संदेश

बताया जाता है कि आलोक रंजन बरुआ एक ख्यातिप्राप्त साइकिलिस्ट और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने साइकिल से पूरे देश का भ्रमण कर सद्भावना और सामाजिक एकता का संदेश दिया है। ऐसे व्यक्ति के साथ जमीन विवाद में कथित रूप से हो रही घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो।फिलहाल, आलोक रंजन बरुआ ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर जमीन पर कथित कब्जे के प्रयास को रोकने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

More From Author

जमशेदपुर: छठ व्रतधारियों की मांग पर ‘आरंभ एक नई शुरुआत’ संस्था की सराहनीय पहल, फार्म एरिया में चिह्नित किए गए नए छठ घाट

जमशेदपुर: कदमा में आउट हाउस परिसर से 62 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद,पुलिस जांच में जुटी