Views: 3
जमशेदपुर: जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम के तत्वावधान में मंगलवार को होटल कैनेलाइट, साकची में “जमशेदपुर का पर्यावरण, जनस्वास्थ्य एवं नागरिक दायित्व” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें प्रख्यात पर्यावरणविद् और ‘वॉटरमैन ऑफ इंडिया’ के नाम से विख्यात रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने की।
स्वच्छ हवा और पानी नागरिकों का अधिकार
कार्यक्रम की शुरुआत फोरम के संयोजक रियाज शरीफ के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने फोरम के गठन के उद्देश्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की औद्योगिक पहचान के साथ नागरिकों को स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है।शरीफ ने शहर में बढ़ते वायु एवं ध्वनि प्रदूषण और औद्योगिक अपशिष्ट से आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि फोरम इन मुद्दों से जुड़े तथ्य और दस्तावेज एकत्र कर संबंधित संस्थानों तथा सरकारी विभागों के समक्ष अपनी बात रख रहा है। टाटा स्टील के पर्यावरणीय अनुपालन से जुड़े मामलों पर कानूनी पहल की जा रही है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि फोरम का उद्देश्य किसी उद्योग का विरोध करना नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय नियमों और नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की योजना है।
प्रदूषण से स्वास्थ्य पर पड़ सकता है गंभीर असर
पर्यावरण एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता अरवीन अंजुम ने जमशेदपुर की पर्यावरणीय चुनौतियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें नागरिक समाज, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।चिकित्सक डॉ. राशिद इकबाल ने कहा कि दूषित हवा और बढ़ता प्रदूषण श्वसन संबंधी बीमारियों, एलर्जी तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने औद्योगिक शहर में प्रदूषण की नियमित और पारदर्शी निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया।
राजेंद्र सिंह ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर दिया जोर
मुख्य वक्ता राजेंद्र सिंह ने जमशेदपुर की पर्यावरणीय स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि नदियों, जलस्रोतों, जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा सवाल है। विकास की प्रक्रिया प्रकृति और मानव स्वास्थ्य की कीमत पर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास और स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को मजबूत करने की जरूरत बताई।राजेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में वह जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम के साथ मिलकर पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।
पर्यावरणीय शर्तों के अनुपालन की निष्पक्ष जांच की मांग
अध्यक्षीय संबोधन में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण के संवैधानिक और कानूनी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण में जीवन जीना नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य के अधिकार से जुड़ा है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी है कि वे पर्यावरणीय नियमों और सरकारी स्वीकृतियों की शर्तों का पालन करें।उन्होंने टाटा स्टील लिमिटेड से संबंधित पर्यावरणीय स्वीकृतियों और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनापत्ति प्रमाणपत्र की शर्तों का उल्लेख किया। उनके अनुसार, बोर्ड के ज्ञापन संख्या 1671, दिनांक 1 अप्रैल 2008 में खरकई और स्वर्णरेखा नदियों में डाले गए स्लैग को हटाने, जुगसलाई मक्क डंप का पुनरुद्धार एवं भूमि का पुनः प्राप्तिकरण करने तथा स्वर्णरेखा नदी बेसिन के जल की गुणवत्ता को निर्धारित मानकों के अनुरूप क्लास-ए स्तर तक लाने जैसी शर्तें शामिल थीं।उन्होंने पर्यावरणीय स्वीकृति में परियोजना का विस्तार मौजूदा परिसर की सीमा के भीतर रखने, ऑनलाइन परिवेशीय वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली स्थापित करने, प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों के इस्तेमाल, पीएम10 और पीएम2.5 के स्तर में कमी लाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तथा 33 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में हरित पट्टी विकसित करने जैसी शर्तों का भी उल्लेख किया।श्रीवास्तव ने इन शर्तों के वास्तविक अनुपालन की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कराने तथा संबंधित सरकारी एजेंसियों से नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले सम्मानित
सेमिनार में पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाले संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।इस दौरान ग्रीन केयर फाउंडेशन को पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के लिए सम्मान मिला। जीएनआरएफ (ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन) के प्रतिनिधियों को वृक्षारोपण और हरित वातावरण के निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।पर्यावरण कार्यकर्ता सुमित कर को सिलिकोसिस से प्रभावित लोगों के लिए किए जा रहे कार्यों, जल विशेषज्ञ सैयद मंसूर अली को वेस्ट वाटर मैनेजमेंट एवं जल संरक्षण और जमशेदपुर के ‘पैडमैन’ तरुण कुमार को स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता के प्रयासों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।वहीं, गौरव आनंद को प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग और वेस्ट प्लास्टिक से सड़क निर्माण के प्रस्ताव सहित पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। वन अधिकार मंच के प्रतिनिधि बृहस्पति सिंह और किंकर महतो को भी वन अधिकारों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान के लिए सम्मान मिला।
प्रदूषण के खिलाफ साझा अभियान चलाने का संकल्प
सेमिनार में जमशेदपुर के पर्यावरण, नदियों, जलस्रोतों और नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरणीय संगठनों को साझा मंच पर लाने का संकल्प लिया गया। साथ ही वैज्ञानिक तथ्यों, कानूनी प्रावधानों और जनभागीदारी के आधार पर प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाने पर सहमति बनी।फोरम की ओर से कहा गया कि जमशेदपुर का औद्योगिक विकास तभी सार्थक होगा, जब पर्यावरणीय संतुलन, नागरिकों का स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित हो।
