Views: 0
जमशेदपुर: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में 23 सितंबर को जन्मीं तीन बाघ शाविकाओं के नामों की घोषणा कर दी है। अब तीनों बाघिनें अवनि, कायरा और शक्ति के नाम से जानी जाएंगी। इनका नामकरण करने के लिए जू प्रबंधन की ओर से शुरू की गई पहल को लोगों का शानदार समर्थन मिला। जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया।
650 से अधिक लोगों ने भेजे 1,900 से ज्यादा नाम
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की इस पहल के तहत लोगों से व्हाट्सऐप और सीधे संदेशों के माध्यम से बाघ शावकों के नाम सुझाने की अपील की गई थी। इस पर 650 से अधिक लोगों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई और 1,900 से ज्यादा नामों के सुझाव भेजे।
जांच में तीनों शाविकाएं निकलीं मादा
नामकरण की शुरुआत में लोगों से नर और मादा, दोनों तरह के शावकों के लिए नाम मांगे गए थे। दरअसल, तीन शावकों में से एक को शुरुआती तौर पर नर माना गया था। हालांकि, जन्म के शुरुआती दिनों में बाघ के शावकों का लिंग पहचानना मुश्किल होता है। उस समय बाहरी शारीरिक अंगों से इसकी स्पष्ट पुष्टि नहीं हो पाती। बाद में जांच के दौरान पुष्टि हुई कि तीनों शावक मादा हैं। इसके बाद नाम चयन की प्रक्रिया में बदलाव किया गया और तीनों के लिए केवल मादा शावकों के नामों पर विचार किया गया।
अवनि, कायरा और शक्ति नामों का हुआ चयन
लोगों से मिले सुझावों की समीक्षा के बाद जू प्रबंधन ने तीन नामों का चयन किया है। इनमें अवनि, कायरा और शक्ति शामिल हैं।
- अवनि: इसका अर्थ पृथ्वी है। यह नाम तीन लोगों ने सुझाया था।
- कायरा: इसका अर्थ उज्ज्वल या प्रकाशमान है। यह नाम चार लोगों ने सुझाया था।
- शक्ति: यह नाम नारी की सर्वोच्च शक्ति का प्रतीक है। इसे सबसे अधिक समर्थन मिला और 14 लोगों ने यह नाम सुझाया।
चयनित नाम सुझाने वालों से जल्द संपर्क करेगा जू प्रबंधन
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क प्रबंधन के अनुसार, जिन लोगों के सुझाए गए नामों का चयन हुआ है, उनसे जल्द संपर्क कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।जू प्रबंधन ने इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेने और शानदार प्रतिक्रिया देने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार जताया है। प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की जनभागीदारी से जू और स्थानीय समुदाय के बीच जुड़ाव मजबूत होता है। साथ ही, वन्यजीवों के प्रति शिक्षा और जागरूकता बढ़ाने तथा उनके संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी मदद मिलती है।
