Views: 3
जमशेदपुर: निशा भगत आत्महत्या मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा सीबीआई जांच की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे मामले की निष्पक्ष जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री से जेपीएससी और सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं की भी सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा है जेपीएससी-सीजीएल का मामला
रघुवर दास ने सवाल उठाया कि जब निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा की जा सकती है, तो झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े जेपीएससी और सीजीएल परीक्षा के मामलों में ऐसी पहल क्यों नहीं की जा रही है?उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना समय, मेहनत और भविष्य दांव पर लगाया है। परीक्षा में गड़बड़ियों और कथित अनियमितताओं को लेकर युवाओं के मन में कई सवाल हैं। सरकार को उनकी चिंताओं को गंभीरता से लेना चाहिए।
युवाओं को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी
पूर्व मुख्यमंत्री ने हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। जेपीएससी और सीजीएल परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इन मामलों की भी सीबीआई जांच की अनुशंसा की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा का स्वागत करते हुए उन्होंने राज्य सरकार से परीक्षा संबंधी मामलों में भी इसी तरह की पहल करने की मांग की।
