Views: 3
जमशेदपुर: कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक Belonging: A Journey of Love के 10 नवंबर को बाजार में आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी की प्रतिक्रिया को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पीसीसी को-ऑर्डिनेटर विजय खां ने भाजपा प्रवक्ता के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे तथ्यहीन और सोनिया गांधी के संघर्ष एवं त्याग का अपमान बताया है।
सोनिया गांधी को ‘सुपर पीएम’ कहना दुर्भावनापूर्ण राजनीति: विजय खां
विजय खां ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक के माध्यम से जीवन के अनुभवों, प्रेम, पीड़ा और अपनेपन की भावनाओं को साझा किया है। इसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाना भाजपा की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में जब पूरा गठबंधन सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहता था, तब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया। विजय खां ने इसे उनके त्याग और सिद्धांतों का प्रमाण बताते हुए कहा कि ऐसे में उन्हें ‘सुपर पीएम’ कहना दुर्भावनापूर्ण राजनीति को दर्शाता है।
मनरेगा और सूचना के अधिकार का किया उल्लेख
कांग्रेस नेता ने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से मनरेगा, सूचना का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कानूनों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई गई। उन्होंने कहा कि इन कानूनों से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
निजी संस्मरण को राजनीतिक विवाद बनाने से बचने की अपील
विजय खां ने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक उनके निजी जीवन का संस्मरण है, न कि इतिहास की कोई पाठ्यपुस्तक। भाजपा को उनके व्यक्तिगत अनुभवों को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और झारखंड के अधिकारों जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।
सुधांशु त्रिवेदी से खेद जताने की मांग
विजय खां ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी से अपने बयान पर खेद व्यक्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सोनिया गांधी के त्याग, संघर्ष और विचारों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा भाजपा की नकारात्मक राजनीति का हर मंच पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।
