राजनगर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, 17 वर्षीय रौनक लुगुन की भी गई जान; अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस

Views: 1

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में NH-220 मुख्य मार्ग पर रघुनाथपुर के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान हो गई है। मृतकों में बीजाडीह गांव निवासी रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17 वर्ष) और गुलशन सुंडी शामिल हैं। दोनों की मौत की खबर से बीजाडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

एक युवक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे किसी व्यक्ति ने 108 एंबुलेंस को सड़क दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था।दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया।

सोहराय पर्व मनाने दोस्तों के साथ निकला था रौनक

अस्पताल पहुंची रौनक उर्फ गोलू की मां ने बताया कि रौनक कक्षा नौवीं का छात्र था और नेता तिरिल स्कूल में पढ़ाई करता था। गुरुवार को वह जामडीह में आयोजित सोहराय पर्व मनाने के लिए अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था।बताया गया कि इसी दौरान स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए दोनों युवक मुख्य मार्ग की ओर आए थे। आशंका है कि इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोपहिया वाहन किया जब्त

दुर्घटनाग्रस्त दोपहिया वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 22H 2751 बताया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना हुई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

दो परिवारों में पसरा मातम

हादसे में दोनों युवकों की असामयिक मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 17 वर्षीय रौनक की मौत से पूरे गांव में शोक है, वहीं गुलशन सुंडी के परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल राजनगर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

More From Author

निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा पर रघुवर दास ने जताया आभार, जेपीएससी-सीजीएल परीक्षा की भी जांच की मांग

आम्रपाली कोल परियोजना में ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहुल दुबे ने ली जिम्मेदारी