Views: 10
जमशेदपुर: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में छठ पूजा की रौनक बढ़ने लगी है। व्रतियों और श्रद्धालुओं में महापर्व को लेकर खासा उत्साह है। घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं, वहीं बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है।
नहाय-खाय पर व्रतियों ने ग्रहण किया पारंपरिक प्रसाद
छठ महापर्व के पहले दिन व्रतियों ने पवित्र स्नान कर भगवान सूर्य की आराधना की। इसके बाद घरों की साफ-सफाई कर पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार किया गया। नहाय-खाय का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान शुरू हो गया।
शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
छठ पूजा के दूसरे दिन शनिवार को खरना किया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में
महापर्व को लेकर जमशेदपुर के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घरों और घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। बाजारों में भी पूजा से जुड़ी सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है। पूरे शहर में धीरे-धीरे भक्तिमय माहौल बनने लगा है और श्रद्धालु सूर्य उपासना के इस महापर्व की तैयारियों में जुटे हैं।
