Views: 3
आदित्यपुर :सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतबोहिनी में बीते 9 नवंबर की शाम हुए चर्चित सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने आखिरकार सफल खुलासा कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल व मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।शुक्रवार को आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े सभी रहस्यों से पर्दा उठाया।
9 नवंबर की शाम को हुई थी वारदात, सिगरेट मांगने को लेकर हुआ था विवाद
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने जानकारी दी कि 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहिनी, जमालपुर के पास सोनू कुमार (पिता – मनोज कुमार साव) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक सोनू और आरोपी विशाल कुछ महीने पहले तक बेहद गहरे दोस्त थे। दोनों के परिवार भी एक-दूसरे से भली-भांति परिचित थे। जांच में पता चला है कि घटना के वक्त मामूली बात यानी सिगरेट मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद गुस्से में आकर कथित तौर पर विशाल ने सोनू को गोली मार दी।
रांची भाग गया था आरोपी, सापड़ा पुल के पास धरे गए
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। हत्या के तुरंत बाद आरोपी विशाल कुमार सिंह डिमना चौक पहुंचा और उसी रात बस पकड़कर रांची फरार हो गया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया था। पुलिस मानवीय और तकनीकी इनपुट के जरिए लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जब आरोपी रांची से वापस लौट रहा था, तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली। इसी आधार पर शुक्रवार (13 नवंबर) को पुलिस ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी विशाल को धर दबोचा।
पिस्तौल और मोबाइल बरामद, आगे की छानबीन जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
