Views: 0
जमशेदपुर: झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, साहित्यिक और जनजातीय विरासत को रेखांकित करने तथा राज्य की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से शनिवार को बिष्टुपुर स्थित सेंटर फॉर एक्सीलेंस में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘झारखंड की विरासत : झारखंड की पहचान’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विशिष्ट अतिथियों ने राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, जनजातीय परंपराओं, भाषाओं और पर्यटन के महत्व पर विचार रखे।
गीत, सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
संगोष्ठी का शुभारंभ अतिथियों के मंचासीन होने के बाद रूबी पांडेय के सहयोग गीत से हुआ। इसके बाद अतिथियों को शॉल और स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। उपासना सिन्हा की सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।स्वागत संबोधन डॉ. जूही समर्पिता ने दिया, जबकि बीज वक्तव्य डॉ. संध्या सिन्हा ने प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. प्रियंका सिंह ने किया।
बुनियादी ढांचे के साथ सांस्कृतिक विरासत बचाने पर जोर
मुख्य अतिथि टाटा स्टील के अधिकारी जिरोन जेवियर टोपनो ने कहा कि विकास की चर्चा में अक्सर बुनियादी ढांचे पर ध्यान दिया जाता है, जबकि इस प्रक्रिया में लोग पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड की 32 जनजातियों में 9 अत्यंत पिछड़ी हैं और लुप्त होने के कगार पर हैं। इनमें से 6 जनजातियों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि जेसीईआरटी के साथ मिलकर कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए छह भाषाओं में पुस्तकों पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति को अपने पूर्वज और ईश्वर के रूप में देखता है। पूर्वजों से जुड़े रहने की परंपरा में घर की गृहिणी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।उन्होंने इंटरनेट के दौर में साहित्य के बदलते माध्यमों, ‘सुंडी’ नामक व्यक्ति पर बन रही फिल्म, महुआ और करंजी जैसे वृक्षों पर शोध तथा खनिज संपदा के साथ संस्कृति, विरासत और पर्यटन के माध्यम से झारखंड की पहचान बनाने पर जोर दिया।
पर्यटन से विरासत संरक्षण के साथ रोजगार सृजन की उम्मीद
विद्यादीप फाउंडेशन के अध्यक्ष और लेखक संदीप मुरारका ने कहा कि झारखंड पर पड़ने वाले किसी भी प्रभाव का सीधा असर आदिवासी समाज के जीवन पर पड़ता है। इसलिए राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए धार्मिक स्थलों और पर्यटन को बढ़ावा देना जरूरी है। इससे एक ओर सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
जनजातीय संस्कृति, भाषाओं और पर्वों को बचाने का आह्वान
प्रथम सत्र की अध्यक्षता एबीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने की। इस सत्र में सारस्वत अतिथि के रूप में प्रसिद्ध संथाली लेखिका जोबा मुर्मू विशेष रूप से उपस्थित रहीं।जोबा मुर्मू ने कहा कि झारखंड की असली समृद्धि उसकी जनजातीय संस्कृति, सरहुल, करम, माघे और बहा जैसे पर्वों, नागपुरी, खोरठा, पंचपरगनिया, संथाली और मुंडारी भाषाओं तथा उलगुलान जैसे जनांदोलनों में निहित है। इस विरासत को बचाने के लिए युवा पीढ़ी को संकल्पित होना होगा।डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि साहित्य ही समाज को उसकी अस्मिता और भाषाई संकटों के प्रति सचेत करता है। इस सत्र में शोधार्थियों ने अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। संचालन डॉ. लक्ष्मी कुमारी ने किया, जबकि प्रतिवेदन डॉ. सविता पॉल ने प्रस्तुत किया।
कविताओं और लघुकथाओं में उभरी झारखंड की पहचान
द्वितीय सत्र की अध्यक्षता डॉ. रागिनी भूषण ने की। इसमें प्रसिद्ध संथाली लेखिका ताला टुडू सारस्वत अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। सत्र के दौरान साहित्यकारों ने कविताओं और लघुकथाओं के माध्यम से झारखंड के लोकजीवन, प्रकृति और संघर्ष को शब्दों में उकेरा।इस दौरान नीलम पेडीवाल, आभा ने ‘सुनो स्वर्णरेखा’, आशा ने ‘प्रकृति करती श्रृंगार’, अनिता निधि ने ‘झारखंड की पावन माटी’ और आलोक मंजरी ने ‘झारखंड की विरासत’ विषय पर काव्य पाठ किया। इनके अलावा रीना गुप्ता, श्रुति, लक्ष्मी सिंह रुबी, राखी और ज्योति ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता ने ‘झारखंड की विरासत : झारखंड की पहचान’ विषय पर आधारित संस्मरण ‘असली दूत’ पढ़ा। इसमें उन्होंने आदिवासी ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनशैली की उन विशेषताओं का उल्लेख किया, जिनकी बदौलत झारखंड के गांव साफ-सुथरे रहते हैं।द्वितीय सत्र का संचालन रजनी रंजन ने किया। लघुकथा और कविता का प्रतिवेदन क्रमशः सविता सिंह मीरा और आरती श्रीवास्तव ‘विपुला’ ने प्रस्तुत किया।
साहित्य और अकादमिक विमर्श को बताया विरासत संरक्षण का माध्यम
समापन सत्र में जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत डॉ. भारती कुमारी ने किया। डॉ. पुष्पा कुमारी ने संगोष्ठी का सार प्रस्तुत किया, जबकि संचालन डॉ. अनिता शर्मा ने किया।मुख्य अतिथि डॉ. अमर सिंह ने झारखंड की विरासत के संरक्षण में साहित्य और अकादमिक विमर्श की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। राष्ट्रगीत के साथ एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हुआ।
