Views: 11
जमशेदपुर: पत्रकारिता केवल घटनाओं या खबरों को प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं है, बल्कि अपनी रिपोर्टिंग के जरिये समाज को सकारात्मक और सार्थक संदेश देना भी इसकी बड़ी जिम्मेदारी है। पत्रकारों को निर्भीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय होकर अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। यह विचार सांसद विद्युत वरण महतो ने शनिवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह-2026 में व्यक्त किए।प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में पत्रकारिता की चुनौतियों, बदलते मीडिया परिदृश्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में विश्वसनीयता तथा पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों पर मंथन हुआ। समारोह में उत्कृष्ट पत्रकारिता, दीर्घकालिक सेवा, दिवंगत पत्रकारों की स्मृति, मेधावी बच्चों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
पत्रकारों को मिले बीमा और पेंशन की सुविधा: विद्युत वरण महतो
मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने पत्रकारों के योगदान और उनकी सुरक्षा पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और समाज का आईना है। युद्ध हो या प्राकृतिक आपदा, पत्रकार जोखिम उठाकर तथ्यों को सामने लाते हैं। ऐसे में रिपोर्टिंग से समाज को सार्थक संदेश मिलना आवश्यक है।लोकसभा में उठाए गए एक प्रश्न का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बीमा और पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
आलोचनात्मक खबरें सुधार का अवसर देती हैं: पूर्णिमा साहू
विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने पत्रकारिता अनुभव साझा करते हुए लोकतांत्रिक संवाद पर बात रखी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता सत्ता पक्ष और सरकार को जवाबदेह बनाती है। आलोचनात्मक खबरों को नकारात्मक रूप में नहीं, बल्कि सुधार के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार प्रेस और विधायिका के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से सामने आएगी। पत्रकार की कलम और उसकी निष्पक्षता को सशक्त बनाना सरकार की भी जिम्मेदारी है।
‘थ्री-आई’ सिद्धांत से कायम होगा जनता का भरोसा: डीबी सुंदर रामम
सम्मानित अतिथि टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने बदलते दौर की चुनौतियों का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में खबरों की विश्वसनीयता एक बड़ी चुनौती है। मीडिया में औद्योगिक समूहों और राजनेताओं की मौजूदगी के कारण निष्पक्षता को लेकर सवाल उठते हैं। जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पत्रकारों को ‘थ्री-आई’ (—यानी इंडिपेंडेंस (स्वतंत्रता), इंटीग्रिटी (ईमानदारी) और इनोवेशन (नवाचार)—के सिद्धांतों पर काम करना होगा।
पत्रकारिता पुरस्कारों के विजेता (वर्ष 2025-26)वरिष्ठ पत्रकार आईके ओझा की अध्यक्षता वाले निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए
प्रिंट मीडिया — हार्ड न्यूज (‘गंगा प्रसाद कौशल सम्मान‘):
प्रथम: कुमार आनंद (मुख्य संवाददाता, प्रभात खबर)* द्वितीय (संयुक्त): अशोक झा (वरिष्ठ पत्रकार, प्रभात खबर) और रोहित कुमार (हिंदुस्तान), तृतीय: ऋषभ श्रीवास्तव (दैनिक जागरण आई नेक्स्ट),
प्रिंट मीडिया — सॉफ्ट न्यूज (‘गंगा प्रसाद कौशल सम्मान’):
प्रथम: रोहित सिंह (हिंदुस्तान),द्वितीय: सौरभ कुमार (न्यूज धमाका, जादूगोड़ा) और तृतीय: उत्तम कुमार (प्रभात खबर, गम्हरिया)।
इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया (‘ध्रुव नारायण सिंह ‘नीरज’ पत्रकार शिरोमणि पुरस्कार’):
प्रथम: आकाश कुमार (न्यूज 18 लोकल) द्वितीय: अभिषेक पीयूष (दि फॉलोअप) — अपने स्वर्गीय पिता की स्मृति में स्थापित यह पुरस्कार उन्होंने ग्रहण किया। तृतीय: फतेह लाइव न्यूज पोर्टल
सोशल मीडिया पत्रकारिता: प्रथम: अविनाश शर्मा (न्यूज टाइम्स), द्वितीय: सरफराज साद (डेली नेशन) तृतीय: नितीश सिंह (अंजान खबर)।
फोटो पत्रकारिता (‘राधेश्याम अग्रवाल सम्मान पत्रकार शिरोमणि पुरस्कार’) व फोटो प्रदर्शनी:
फोटो आधारित खबरों में दैनिक भास्कर के वरिष्ठ छायाकार सुदर्शन शर्मा ने लगातार तीसरे वर्ष प्रथम स्थान प्राप्त किया; प्रभात खबर के सूरजन सिंह को द्वितीय पुरस्कार मिला। फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता में सुदर्शन शर्मा प्रथम, खबर मंत्र के विनय उपाध्याय द्वितीय और दि खबर जंक्शन के सैसब सरकार तृतीय स्थान पर रहे।
स्मृति सम्मान, दीर्घकालिक सेवा, मेधावी बच्चे व अन्य सम्मान
समारोह में पत्रकारिता से जुड़े अन्य वर्गों के साथ समाज सेवा व शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया गया।
दिवंगत पत्रकार स्मृति सम्मान:वरीय छायाकार स्वर्गीय पार्थो चक्रवर्ती के छोटे भाई मिथुन चक्रवर्ती और मुसाबनी के वरीय पत्रकार स्वर्गीय मृत्युंजय सिंह की पत्नी गुड्डी देवी को सम्मानित किया गया।
दीर्घकालिक पत्रकारिता सेवा सम्मान:बसंत सिंह व शशि भूषण पांडेय (दैनिक जागरण), पशुपति मिश्रा व अनीश खान (हिंदुस्तान), सुधाकर झा (हिंदुस्तान गम्हरिया) तथा संतोष कालिंदी (आजाद मजदूर) सम्मानित हुए।
मेधावी बच्चों को प्रतिभा सम्मान: श्वेता झा (जैक बोर्ड), अनुष्का कुमारी (राष्ट्रीय बास्केटबॉल), राजवीर भाटिया (आइएससी बोर्ड), दिव्य रत्न (संगीत एवं गायिकी), नवल सिंह (जेईई में 99 परसेंटाइल, आइआइटी खड़गपुर में दाखिला) और निधि कुमारी (क्रिमिनोलॉजी में पीएचडी) को सम्मान मिला।
चिकित्सक व स्वास्थ्य सेवा सम्मान: डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. राजीव ठाकुर, डॉ. आर कुमार, डॉ. कुणाल वर्मा, डॉ. केतन वर्मा, डॉ. शिवानी, डॉ. जे भादुड़ी, डॉ. आरके सिंह, डॉ. सुनील सिंह, डॉ. विजय शंकर प्रसाद, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. रंजन कुमार अग्रवाल, डॉ. सौरव बनर्जी, दीपक गोस्वामी और आरके फिजियोथेरेपी सेंटर को सम्मानित किया गया।
सहयोगी संस्था एवं विशेष सेवा सम्मान:सतीश सिंह (महासचिव, टाटा वर्कर्स यूनियन), अनमोल कुमार (अंजान खबर), टीम उन्नति, प्रशांत अग्रवाल (शुभ सावरिया), अरिजीत सरकार (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन), अनामिका श्रीवास्तव (प्रिंसिपल, नव ज्योति विद्या मंदिर), डॉ. संजीव श्रीवास्तव (सचिव, राधेश्याम ट्रस्ट) और सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी को सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रगीत और मंत्रोच्चार के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और नव ज्योति विद्या मंदिर, गम्हरिया के विद्यार्थियों के मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।इस दौरान एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि दी गयी। समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने की।महासचिव विकास श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन पत्रकार साहिल अस्थाना और सुगंधा वर्मा ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश रंजन, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, डीपीआरओ पंचानन उरांव, हिंदुस्तान के संपादक गणेश कुमार मेहता, उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय भी मौजूद थे.इसके अलावा जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ अमर सिंह, सीजीपीसी अध्यक्ष सरदार भगवान सिंह, भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी, सतबीर सिंह सोमू, पुतुल सिंह, झारखंड मानवाधिकार संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार, कार्यक्रम का संचालन पत्रकार साहिल अस्थाना और सुगंधा वर्मा ने किया. मौके पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज और महासचिव विकास श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
