Views: 0
चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने सोमवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत जरौली-राज खरसावां रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य रेलखंड में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना, परिचालन दक्षता का आकलन करना तथा स्टेशनों पर जारी आधारभूत संरचना एवं यात्री सुविधा से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था।
सुबह 7:30 बजे जरौली स्टेशन से शुरू हुआ सुरक्षा निरीक्षण
निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे जरौली स्टेशन से हुई, जिसके बाद महाप्रबंधक ने पूरे जरौली-राज खरसावां रेलखंड का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग व आधारभूत संरचना, परिचालन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की गई। निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को परखना और उन क्षेत्रों की पहचान करना रहा, जहां त्वरित सुधार की आवश्यकता है।
निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश
महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने रेलखंड के स्टेशनों पर चल रही निर्माण एवं यात्री सुविधा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण एवं रखरखाव कार्यों के दौरान रेलवे द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यालय और चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी महाप्रबंधक के साथ मौजूद रहे। वहीं, चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और संबंधित शाखा अधिकारियों ने jarauki स्टेशन पर निरीक्षण दल में शामिल होकर कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के नियमित निरीक्षणों से रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुचारु और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने में मदद मिलती है।
