Views: 1
राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरकोच चौक में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रविवार देर रात एक कपड़ा दुकान और एक गल्ला दुकान को निशाना बनाया। चोर दोनों दुकानों के ताले तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये के सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
रविवार देर रात चोरी की आशंका
जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना रविवार देर रात करीब एक से दो बजे के बीच होने की आशंका है। कपड़ा दुकान के संचालक कालिदास महतो ने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे जब वह उठकर दुकान पहुंचे, तो ताले टूटे हुए मिले। दुकान के अंदर जांच करने पर नकदी और बड़ी मात्रा में कपड़े व अन्य सामान गायब मिले।
लोन लेकर खरीदा था दुकान का सामान
कालिदास महतो के अनुसार, दुकान में करीब 25 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। उन्होंने दो दिन पहले ही 3 लाख 32 हजार रुपये का लोन लिया था। इस राशि से उन्होंने दुकान के लिए कपड़े और अन्य सामान खरीदे थे। चोर नकदी के साथ दुकान में रखे सामान भी ले गए।दुकानदार ने चोरी की घटना में कुल मिलाकर करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
गल्ला दुकान को भी बनाया निशाना
चोरों ने कपड़ा दुकान के साथ-साथ पास की गल्ला दुकान के ताले भी तोड़ दिए। हालांकि, गल्ला दुकान से कितनी नकदी या सामान की चोरी हुई है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।घटना के बाद कालिदास महतो ने राजनगर थाना में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच करेगी। लगातार दुकानों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा की चिंता बढ़ गई है।
