Views: 2
सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली स्थित रामू होटल के पास सोमवार को 30 वर्षीय शगुफ्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति मोहम्मद आदिल पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
2020 में किया था प्रेम विवाह
मृतका की बहन साबिस्ता परवीन के अनुसार, शगुफ्ता ने वर्ष 2020 में मोहम्मद आदिल से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों का कहना है कि कई बार विवाद का मामला आजादनगर थाने तक भी पहुंचा था।
पति ने फोन कर दी मौत की जानकारी
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह मोहम्मद आदिल ने फोन कर शगुफ्ता की मौत की जानकारी दी। उसने बताया कि शगुफ्ता ने पंखे के सहारे फांसी लगा ली है। हालांकि, इस घटना को लेकर मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
दो बच्चों की मां थी शगुफ्ता, जांच में जुटी पुलिस
शगुफ्ता दो बच्चों की मां थी। घटना के बाद से उसका पति मोहम्मद आदिल फरार बताया जा रहा है। कपाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
