Views: 2
आदित्यपुर: आशियाना मोड़ के पास बुधवार को प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जेसीबी, पोकलेन मशीन और मजदूरों की मदद से 30 से अधिक अस्थायी दुकानों को हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। प्रशासनिक टीम और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। अभियान के दौरान एक महिला को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
विरोध और नोकझोंक के बीच हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, आशियाना मोड़ के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को दुकानदारों और स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई शुरू होने के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। हालांकि, विरोध के बावजूद प्रशासन ने जेसीबी और पोकलेन मशीन की मदद से अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई जारी रखी।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जिस भूखंड से अतिक्रमण हटाया गया है, वह सरकारी जमीन है। इसे खाली कराने के लिए संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में दुकानें नहीं हटाई गईं।
खाली जमीन पर बनेगा मार्केट कॉम्प्लेक्स
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इसी उद्देश्य से दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई।
दुकानों में रखा लाखों का सामान बर्बाद, मायूस दिखे दुकानदार
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानों में रखा सामान भी बर्बाद हो गया। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, इस कार्रवाई में लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। अपनी दुकानों को टूटते और उनमें रखा सामान बर्बाद होते देख कई दुकानदार भावुक नजर आए। जिन दुकानदारों की रोजी-रोटी इन अस्थायी दुकानों पर निर्भर थी, उनके सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
