Views: 7
जमशेदपुर।श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से सोनारी गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इस पावन आयोजन में पूर्व सांसद सुमन महतो सेवादार के रूप में शामिल हुईं और गुरु साहिब की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त किया।नगर कीर्तन में जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू, सांसद विद्युत वरण महतो, मोहन कर्मकार समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपनाने का संदेश
इस अवसर पर सुमन महतो ने गुरु नानक देव जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं प्रेम, समानता, सेवा, त्याग और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। गुरु साहिब का संदेश “नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत दा भला” विश्व कल्याण, सुख-शांति और सभी के मंगल की कामना का प्रतीक है।
प्रेम, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने की अपील
सुमन महतो ने लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मकता और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धा, सेवा और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह!
