Views: 12
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल हुए स्थायी कर्मचारी सुबोध पात्रो की इलाज के दौरान मौत के बाद मुआवजे और आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। पिछले चार दिनों से मृतक के परिजन कंपनी गेट पर धरना दे रहे हैं। बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला कमेटी भी परिजनों के समर्थन में उतर आई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कंपनी के सभी सातों गेट जाम कर दिए, जिससे कर्मचारियों और अन्य लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
मुआवजा और आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग
जानकारी के अनुसार, सुबोध पात्रो टाटा मोटर्स में स्थायी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। कंपनी परिसर में काम के दौरान वे दुर्घटना के शिकार हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।इसके बाद से ही परिवार कंपनी प्रबंधन से उचित दुर्घटना मुआवजा और मृतक के एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग कर रहा है। इसी मांग को लेकर परिजन लगातार कंपनी गेट पर धरना दे रहे हैं।
वार्ता विफल होने के बाद झामुमो ने किया गेट जाम
बुधवार को झामुमो जिला कमेटी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कंपनी के मुख्य गेट समेत सभी सातों गेट पर प्रदर्शन किया और आवागमन बाधित कर दिया।झामुमो जिलाध्यक्ष ने बताया कि मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद गेट जाम करने का निर्णय लिया गया।
70 लाख रुपये देने की बात, लेकिन परिवार को नौकरी की मांग
मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो ने कहा कि कंपनी प्रबंधन उनके पिता की जमा पूंजी के रूप में करीब 70 लाख रुपये देने की बात कह रहा है। हालांकि, परिवार की प्राथमिक मांग मृतक के एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की है।सहदेव पात्रो ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व सांसद सुमन महतो भी धरने में हुईं शामिल
दिवंगत कर्मचारी सुबोध पात्रो के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में बुधवार को पूर्व सांसद सुमन महतो भी शामिल हुईं। उन्होंने कंपनी के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठकर मृतक परिवार की मांगों का समर्थन किया और विरोध-प्रदर्शन में भाग लिया।पूर्व सांसद के आंदोलन में शामिल होने के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है।
