
जमशेदपुर।जमशेदपुर शहर में शुक्रवार का दिन गोलीबारी की लगातार घटनाओं से दहला रहा। जुगसलाई के बाद देर रात गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुईलाडूंगरी में एक और गोलीकांड हुआ, जिसमें आपसी रंजिश के चलते चली गोली से सतपाल सिंह नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हवाई फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना पुराने विवाद और आपसी रंजिश।से जुड़ी है। बताया गया कि शुरुआत में रवि खेड़ा के घर पर हवाई फायरिंग की गई। इस हवाई फायरिंग के तुरंत बाद, जवाबी कार्रवाई में रवि खेड़ा और उनके साथियों ने भी फायरिंग की। इसी दौरान, आरोपियों के निवास स्थान के पास गोली चली, जिससे सतपाल सिंह नामक युवक घायल हो गया।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घायल युवक सतपाल सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर निगरानी रखे हुए हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस कार्यशैली पर उठे सवाल
बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार को शहर में जमकर गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पहले जुगसलाई के मिल्लत नगर में और उसके बाद गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की इन घटनाओं ने कहीं न कहीं पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस को जल्द से जल्द सक्रियता दिखानी चाहिए और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि शहर में कानून व्यवस्था बहाल हो सके और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
