
सरायकेला। सरायकेला जिला पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना प्रभारी पु०अ०नि० विनय कुमार के नेतृत्व में सरायकेला पुलिस ने सीनी ओपी क्षेत्र के ग्राम बेरगाडीह से चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर डाला की बरामदगी की है और इस मामले में तीन चोरों को गिरफ्तार किया है।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
यह मामला सरायकेला थाना कांड संख्या-95/25, दिनांक 10.10.2025 से संबंधित है, जिसमें अज्ञात अपराधियों ने रात के समय ट्रैक्टर चोरी कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के निर्देश और सरायकेला एसडीपीओ समीर कुमार सावैया के पर्यवेक्षण में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था।गठित दल ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों का सुराग लगाया और सफलतापूर्वक उन्हें धर दबोचा।
तीन शातिर चोर गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन अंतर-जिला चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विशाल जामुदा (सरायकेला निवासी),घनश्याम पूर्ति (चाईबासा निवासी) और शनि देवगम (चाईबासा निवासी) शामिल हैं।
चोरी का ट्रैक्टर और वाहन जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया महिंद्रा ट्रैक्टर (जिसे हाटगम्हरिया, चाईबासा क्षेत्र में छिपाया गया था) बरामद कर लिया है। इसके अलावा, पुलिस ने अपराधियों के पास से दो स्कूटी, तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका उपयोग वे अपराध को अंजाम देने में करते थे।गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस सफलता में थाना प्रभारी विनय कुमार सहित पुलिस दल के सभी सदस्यों की सक्रियता और तकनीकी दक्षता की सराहना की जा रही है।
