
आदित्यपुर । डीएवी पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर में संचालित लीगल लिटरेसी क्लब द्वारा शनिवार को एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पोक्सो एक्ट 2012 के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में उपस्थित क्लब के सदस्य विजय कुमार महतो ने पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों की रोकथाम और संरक्षण के लिए विशेष रूप से बनाया गया है।
यौन हमला और उत्पीड़न से बचाव के प्रावधान
विजय कुमार महतो ने जानकारी देते हुए कहा कि पोक्सो एक्ट बच्चों को यौन हमला , यौन उत्पीड़न और पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर अपराधों से बचाने के लिए बनाया गया एक मजबूत कानून है। इसमें बच्चों को किसी भी प्रकार के यौन अपराध से संरक्षण देने के लिए कठोर प्रावधान शामिल हैं।उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे यह अधिनियम बच्चों को सुरक्षा प्रदान करता है और उन्हें अपराध की स्थिति में न्याय सुनिश्चित करता है।
छात्रों को कानूनी रूप से जागरूक करना उद्देश्य
लीगल लिटरेसी क्लब के प्रभारी शिक्षक पंकज कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर जोर देते हुए कहा कि लीगल लिटरेसी क्लब के माध्यम से छात्रों को लगातार कानूनी जानकारी प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकें। यह जानकारी छात्रों के लिए बहुत उपयोगी होगी और उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मदद करेगी।इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रभारी शिक्षक पंकज कुमार के अलावा श्रीमती लीना पांडे, पीएलवी रूपाली पति और अनीता मिश्रा भी उपस्थित थीं।
