
घाटशिला। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर घाटशिला विधान सभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं का एक उच्च स्तरीय बैठक सह सम्मेलन घाटशिला के मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में गठबंधन प्रत्याशी सोमेश चन्द्र सोरेन को जिताने की रणनीति पर मंथन किया गया।बैठक सह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल हुए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया गया जीत का मंत्र
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का “एक-एक कार्यकर्ता सोना से भी ज्यादा कीमती है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने प्राणों की बाजी लगाकर पार्टी की सेवा करें और “प्राण जाए पर कांग्रेस पार्टी का मान मर्यादा धूमिल ना हो।उन्होंने कहा कि आलाकमान मल्लिकार्जुन खड़गेजी, राहुल गांधीजी, और सोनिया गांधीजी ने गठबंधन के तहत सोमेश चन्द्र सोरेन को जिताने का फैसला किया है, जिसका हर कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा से पालन करना है।
भाजपा पर हमला, महंगाई और लोकतंत्र पर जताई चिंता
मुख्य अतिथि प्रदेश सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद ने कहा कि सभी कांग्रेस के बहुमूल्य कार्यकर्ता, BLA-2, पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, जिला/प्रदेश पदाधिकारी, और विभिन्न प्रकोष्ठों (अल्पसंख्यक विभाग, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, ओबीसी विभाग, आदिवासी कांग्रेस, अजा विभाग, सेवादल) के सदस्य सिर्फ और सिर्फ गठबंधन उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित कराने के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करें। उन्होंने पार्टी धर्म का पालन मजबूती से करने पर जोर दिया।सिरीबेला प्रसाद ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश का बहुत बुरा हाल है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और चिकित्सा की बढ़ती लागत, लोकतंत्र को कमजोर करने, वोटों की चोरी और राष्ट्रीय उपक्रमों को बेचने जैसे मुद्दों को आम जनता के बीच प्रचार-प्रसार के क्रम में बताने का निर्देश दिया।
रणनीति और जमीनी स्तर पर कार्य का निर्देश
बैठक में चुनाव कैंपेन कमिटी के सदस्यों को निर्देश दिया गया कि वे क्षेत्र में गठबंधन दल के कार्यों को मजबूती से रखें।प्रखंड चुनाव संचालन समिति के पर्यवेक्षकों और सदस्यों को एक-एक घरों तक पहुंचने का कार्य करने को कहा गया।पर्चा वितरण, पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।सभी पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और प्रखंड पर्यवेक्षकों को नुक्कड़ सभाओं में वक्ता के रूप में जनता को संबोधित करने का और प्रत्याशी के पक्ष में माहौल तैयार करने का आह्वान किया गया।झारखंड सरकार के माननीय मंत्री दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा और पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने भी जेएमएम नेता के रूप में सम्मेलन में उपस्थित होकर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गठबंधन को जिताने का आह्वान किया।बैठक में वरिष्ठ नेता प्रदीप कुमार बलमुचू, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, बंधु तिर्की, मंजूर अंसारी, अंबा प्रसाद, विधायक सोनाराम सिंकू, नमन विक्सल कोंगाडी सहित कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
