
जमशेदपुर।कार्तिक शुक्ल एकादशी (देवउठनी एकादशी) के पावन अवसर पर शनिवार को श्री श्याम जन्मोत्सव (पाटोत्सव) के उपलक्ष्य में मारवाड़ी समाज द्वारा एक भव्य और विशाल निशान यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न यह यात्रा मारवाड़ी समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक बनी।
काशीडीह से साकची तक भव्य यात्रा
यह निशान यात्रा श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर, काशीडीह (भारत ट्रांसपोर्ट के सामने) से आरंभ हुई। सैकड़ों की संख्या में समाज के श्याम भक्त — महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन और बच्चे — “जय श्री श्याम” के उद्घोष और रंग-बिरंगे निशानों के साथ आगे बढ़ते हुए साकची स्थित श्री श्री शिव मंदिर तक पहुंचे।रास्ते में यात्रा का दृश्य अद्भुत और भक्तिमय बना रहा। डीजे पर बजते श्याम बाबा के भजनों, नगाड़ों की थाप और सजाई गई झांकियों ने वातावरण को पूरी तरह भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
समाज की एकता और सेवा का प्रतीक
इस यात्रा का उद्देश्य समाज में सौहार्द, एकता और भक्ति भाव का प्रसार करना था। आयोजन में जिला मारवाड़ी सम्मेलन की महिला विंग और मारवाड़ी समाज काशीडीह की विशेष भूमिका रही।यात्रा के समापन स्थल पर श्याम परिवार साकची के पदाधिकारियों ने समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।श्रद्धालुओं को निशान चढ़ाने के बाद पवित्र प्रसाद वितरित किया गया।आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, समन्वय और अनुशासन पर विशेष ध्यान रखा गया ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुखद अनुभव प्राप्त कर सकें।
श्रद्धा से परिपूर्ण रहा माहौल
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अभय सिंह की माताश्री ने अपने परिवार के साथ श्याम बाबा का आशीर्वाद लिया और यात्रा में शामिल भक्तों का स्वागत किया। पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इनकी रही मुख्य उपस्थिति
आज की निशान यात्रा को सफल बनाने में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष मुकेश मित्तल, जिला महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा, प्रांतीय संगठन महामंत्री सुरेश सोंथालिया, प्रांतीय संयुक्त महामंत्री भोला चौधरी एवं विमल अग्रवाल, मारवाड़ी समाज काशीडीह अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, जिला महिला विंग प्रभारी संगीता शर्मा, सचिव स्वाति अग्रवाल, झारखंड प्रांतीय महिला मारवाड़ी सम्मेलन पूर्व अध्यक्ष मंजू खंडेलवाल, प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव रजनी बंसल, एवं किशोर गोलछा, लाला मूनका, मनोज चेतानी, दिलीप गोयल, संजय शर्मा, कैलाश केवलका, पंकज छावछरिया, सुंदर नगर शाखा से सदस्य, नारी शक्ति, राखी शर्मा, पिंकी सहरिया सहित सैकड़ों की संख्या में सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
