
जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी ने झारखंड के विकास और जनभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड एक विकसित राज्य बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
रामदास सोरेन की लोकप्रियता जनमानस में
कुणाल षड़ंगी ने घाटशिला के पूर्व विधायक, स्वर्गीय रामदास सोरेन की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी लोकप्रियता आज भी जनमानस के दिलों में बसी हुई है। उन्होंने कहा झामुमो और स्व. रामदास सोरेन जी की लोकप्रियता यहीं खत्म नहीं होती। सुबह मॉर्निंग वॉक और एक्सरसाइज के दौरान भी लोग पूरे जोश और गर्व से स्व. रामदास सोरेन जी के नाम वाले टी-शर्ट पहनकर घूमते नजर आते हैं। यह केवल श्रद्धा नहीं, बल्कि जनमानस के दिल में बस चुकी एक भावना है।
बच्चों की मुस्कान से विकास का विश्वास
कुणाल षड़ंगी ने छोटे बच्चों से मुलाकात के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि उन्हें बच्चों से मिलकर बहुत आनंद हुआ। चेहरे की मुस्कान और जोश देखकर यह विश्वास और मजबूत हुआ कि झारखंड, यशस्वी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में, एक विकसित राज्य बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
सावित्री बाई फुले योजना बेटियों को दे रही उड़ान
प्रवक्ता षड़ंगी ने राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना ‘सावित्री बाई फुले किशोरी सम्मान राशि योजना’ की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना झारखंड की बेटियों को अपने सपनों की उड़ान देने का सशक्त माध्यम बनी है। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का एक मील का पत्थर साबित हो रही है।अपने संदेश के अंत में, कुणाल षड़ंगी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए ‘स्वस्थ झारखंड, विकसित झारखंड’ के संकल्प को दोहराया।
